http://www.bbcchindi.com

शनिवार, 02 दिसंबर, 2006 को 21:20 GMT तक के समाचार

'सऊदी अरब में 136 चरमपंथी गिरफ़्तार'

सऊदी अरब सरकार का कहना है कि उसने एक चरमपंथ विरोधी अभियान के तहत 136 संदिग्ध चरमपंथियों को गिरफ़्तार किया है. इनमें एक संभावित आत्मघाती हमलावर भी शामिल है.

आंतरिक सुरक्षा मंत्रालय का कहना है कि ये गिरफ़्तारियाँ पिछले कुछ महीनों के दौरान हुईं और इनमें अल क़ायदा जैसे संगठन के सदस्य शामिल हैं.

मंत्रालय के एक प्रवक्ता जनरल मसूर अल तुर्की का कहना था,'' सऊदी अरब में कई छापे मारे गए जिनमें ये गिरफ़्तारियाँ की गईं हैं.''

संदेह व्यक्त किया जा रहा है कि ये चरमपंथी सऊदी अरब के शाही परिवार पर और पश्चिमी लोगों पर निशाना साधना चाह रहे थे.

विदेशी भी गिरफ़्तार

आंतरिक सुरक्षा मंत्रालय के प्रवक्ता ने बीबीसी को बताया कि इन गिरफ़्तार लोगों में 115 सऊदी और बाकी के विदेश नागरिक हैं.

प्रवक्ता का कहना था कि ऐसा माना जा रहा है कि ये लोग अल क़ायदा के सदस्य नहीं हैं लेकिन उनकी विचारधारा से सहमति रखते हैं.

ग़ौरतलब है कि सऊदी अरब में मुख्य रूप से विदेशियों को निशाना बना कर कई हमले हुए हैं.

राजधानी रियाद में भी आत्मघाती हमला हो चुका है जिनमें 50 से भी अधिक लोग मारे गए थे.

जुबैल और यांबू में भी चरमपंथी हमले हो चुके हैं. सऊदी अरब के अधिकांश तेल-शोधक कारखाने और पेट्रोकैमिकल उद्योग इन्हीं शहरों में हैं.