http://www.bbcchindi.com

शनिवार, 02 दिसंबर, 2006 को 07:45 GMT तक के समाचार

संयुक्त राष्ट्र में फ़लस्तीन के पक्ष में प्रस्ताव

संयुक्त राष्ट्र महासभा ने अमरीका और इसराइल की आपत्तियों के बावजूद फ़लस्तीन के समर्थन में छह प्रस्तावों को पारित कर दिया है.

तीन दिन की चर्चा और भाषणों के बाद महासभा ने फ़लस्तीनियों के स्वतंत्र राष्ट्र और फ़लस्तीनी लोगों के आत्मनिर्णय पर ज़ोर दिया.

मध्य पूर्व समस्या के विभिन्न पहलू

संयुक्त राष्ट्र महासभा ने ग़ज़ा के संदर्भ में 26 नवंबर को दोनों पक्षों के बीच हुए संघर्षविराम का भी स्वागत किया.

महासभा का मानना था कि दोनों पक्षों को संघर्षविराम बनाए रखना चाहिए और ये भी उम्मीद जताई कि इससे मध्य पूर्व समस्या के हल के लिए बातचीत का रास्ता निकल सकता है.

मध्य पूर्व पर विशेष

महत्वपूर्ण है कि ये प्रस्ताव क़ानूनी तौर पर बाध्य नहीं हैं.

ग़ौरतलब है कि फ़लस्तीनी नेता महमूद अब्बास ने सितंबर में संयुक्त राष्ट्र महासभा में कहा था कि फ़लस्तीनी सरकार दोनो पक्षों के बीच मध्यस्थता कर रहे देशों की माँग मानते हुए इसराइल को मान्यता दे देगी.

उधर संयुक्त राष्ट्र महासचिव कोफ़ी अन्नान ने हाल में कहा था कि अरब-इसराइल मसले को सुलझाने में लगातार विफल होने से 'सुरक्षा परिषद की वैधता और प्रभाव' पर सवाल खड़े हो गए हैं.