http://www.bbcchindi.com

इराक़ गृहयुद्ध की कगार पर: कोफ़ी अन्नान

संयुक्त राष्ट्र महासचिव कोफ़ी अन्नान ने चेतावनी दी है कि इराक़ गृहयुद्ध की कगार पर है और यदि इराक़ को गृहयुद्ध से बचाना है तो वहाँ बहुत महत्वपूर्ण कार्रवाई की ज़रुरत है.

न्यूयॉर्क में पत्रकारों से बात करते हुए अन्नान का कहना था कि यदि स्थिति को ख़राब होने से नहीं रोका गया तो - "हम उस स्थिति (गृहयुद्ध) में पहुँच सकते हैं; हम लगभग उसी स्थिति में हैं."

लेकिन अमरीका के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार स्टीफ़न हैडली ने इसका खंडन करते हुए कहा कि इराक़ की स्थिति स्पष्ट तौर पर एक नए दौर में हैं.

उनका कहना था कि इराक़ में बढ़ती साम्प्रदायिक हिंसा इस दौर का प्रतीक है.

पिछला हफ़्ता वर्ष 2003 में इराक़ पर अमरीकी हमले के बाद जबसे ज़्यादा हिंसा से भरा सप्ताह रहा है.

वहाँ पिछले हफ़्ते बम हमलों में 200 से ज़्यादा लोगों के मारे जाने के बाद राजधानी बग़दाद में तीन दिन का कर्फ़्यू लगा दिया गया था और इसी कारण से इराक़ी राष्ट्रपति जलाल तालाबानी की ईरान यात्रा स्थगित कर दी गई थी.

उधर तेहरान में ईरान के राष्ट्रपति महमूद अहमदीनेजाद और ईराक़ी राष्ट्रपति तालाबानी की बातचीत हुई है.

राष्ट्रपति अहमदीनेजाद ने ईराक़ को आश्वासन दिया है कि वह ईरान में स्थिति बेहतर करने के लिए जो कुछ भी ज़रूरी हो वह करने के लिए तैयार है.

अमरीका और ब्रिटेन ने बार-बार ईरान पर आरोप लगाया है कि वह इराक़ में स्थिति बेहतर बनाने के रास्ते में रोड़े अटका रहा है.

लेकिन बीबीसी के तेहरान संवाददाता का कहना है कि ईरान की सरकार अब ईराक़ में बढ़ती हिंसा के बारे में चिंतित लग रही है.