http://www.bbcchindi.com

सोमवार, 27 नवंबर, 2006 को 18:45 GMT तक के समाचार

इराक़ी राष्ट्रपति ने ईरान से मदद माँगी

इराक़ी राष्ट्रपति जलाल तालाबानी ने कहा है कि वो अपने देश की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए ईरान से मदद चाहते हैं.

तालाबानी अभी ईरान के दौरे पर हैं और वहाँ के राष्ट्रपति महमूद अहमदीनेजाद के साथ बातचीत कर रहे हैं.

अहमदीनेजाद ने कहा है कि वो इराक़ को हर संभव मदद देने के लिए तैयार हैं.

इस बीच संयुक्त राष्ट्र संघ के महासचिव कोफ़ी अन्नान ने चेतावनी देते हुए कहा है कि इराक़ गृह युद्ध के कगार पर है.

अमरीका और ब्रिटेन ने कई बार ईरान पर इस तरह के आरोप लगाए हैं कि वह इराक़ में शांति की राह में बाधा पहुँचा रहा है.

हालाँकि तेहरान में मौजूद बीबीसी संवाददाता का कहना है कि ईरान अब इराक़ में बढ़ती हिंसा से चिंतित है.

तालाबानी पहले ही तेहरान पहुँचने वाले थे लेकिन पिछले हफ़्ते बग़दाद में हुए बम धमाकों के बाद कर्फ़्यू लागू होने से उनकी यात्रा में देरी हुई.

गुरुवार को बग़दाद में हुए सिलसिलेवार बम धमाकों में 200 से अधिक लोग मारे गए थे.

तालाबानी ईरानी राष्ट्रपति अहमदीनेजाद के साथ साथ वहाँ के सर्वोच्च धार्मिक नेता अयातुल्ला अली ख़मेनेई से भी मिलेंगे.

कूटनीतिक बदलाव

बीबीसी संवाददाता निक चाइल्ड्स का कहना है अमरीकी संसद के चुनावों में रिपब्लिकन पार्टी की हार, इराक़ में बढ़ती हिंसा और ईरान के बदले रुख से पिछले कुछ हफ़्तों के दौरान कूटनीतिक हलकों में इराक़ के बारे में राय बदली है.

इराक़ की ताज़ा स्थिति के अध्ययन के लिए गठित अमरीकी समूह इस विकल्प पर विचार कर रहा है कि ईरान और सीरिया के साथ संपर्क बढ़ाए जाएँ.

ये अध्ययन समूह इस बात की सिफारिश करेगा कि अमरीका को अब इराक़ में किस तरह की नीति अपनानी चाहिए.

इस बीच अमरीकी राष्ट्रपति जॉर्ज बुश भी इस हफ़्ते जॉर्डन की यात्रा करेंगे जहाँ उनकी मुलाकात इराक़ के प्रधानमंत्री नूरी अल मलिकी से होगी.