सोमवार, 27 नवंबर, 2006 को 21:50 GMT तक के समाचार
रूसी जासूस एलेक्ज़ेंडर लित्विनेन्को की रहस्यमय मौत की जाँच कर रही ब्रितानी पुलिस को दो नए जगहों पर विकिरण का पता चला है.
पुलिस का कहना है कि ग्रोसवेनर स्ट्रीट और पश्चिमी लंदन के डाउन स्ट्रीट के एक दफ़्तर से पोलोनियम-210 के विकिरण का पता लगा है.
लंदन के एक होटल और बार से पहले ही विकिरण का पता लग चुका है. लित्विनेन्को एक नवंबर को इस बार में गए थे.
विकिरण वाले जगहों पर उपस्थित तीन लोगों का रेडियोलॉजिकल टेस्ट किया जा रहा है.
ग़ौरतलब है कि रूसी ख़ुफ़िया एजेंसी केजीबी के लिए काम करने वाले 43 वर्षीय लित्विनेन्को गुरुवार को मृत पाए गए थे. उनके शरीर में पोलोनियम-210 की मात्रा पाई गई है.
आपात बयान
ब्रिटेन के गृह मंत्री जॉन रीड ने कहा है कि रूस से इस मामले की जाँच में सहयोग करने को कहा गया है.
ब्रितानी संसद में रीड ने कहा कि रूसी राजदूत को भी पिछले हफ़्ते विदेश मंत्रालय बुलाया गया था.
रीड ने सोमवार को 'कोबरा' कमेटी की बैठक में हिस्सा लिया. इसका गठन विकिरण से संभावित जोखिम की समीक्षा के लिए किया गया है.