रविवार, 26 नवंबर, 2006 को 05:22 GMT तक के समाचार
चीन में दो कोयला खदानों में हुए धमाकों में कम से कम 53 मज़दूर मारे गए हैं और कई अन्य घायल हो गए है.
चीन की सरकारी समाचार एजेंसी के अनुसार शनिवार को फ़ूयान में हुए धमाके में खदान में काम करने वाले 32 मज़दूर मारे गए.
ये खदान दक्षिण-पश्चिमी प्रांत युनान में स्थित है.
वहाँ धमाका उत्तर-पूर्व में हीलोंगजियांग प्रांत में स्थित एक खदान में हुए गैस धमाके के कुछ ही घंटे बाद हुआ.
उत्तर-पूर्व में स्थित खदान के विस्फोट में 21 लोग मारे गए.
राहतकर्मी अब भी छह मज़दूरों की तलाश में जुटे हुए हैं जो लापता हैं.
चीन में खदान का कामकाज काफ़ी ख़तरनाक माना जाता है.
पिछले साल नवंबर में चीन के हीलोंगजियांग प्रांत में किताइहे शहर के पास स्थित एक खदान में हुए ऐसे ही विस्फोट में सौ से ज़्यादा खदानकर्मी मारे गए थे.
सरकार चीन में कई छोटी और बिना लाइसेंस की कोयला खदानों को बंद करवाने की कोशिश करती रही है और बताया जाता है कि इस सब के चलते ही इतने सारी दुर्घटनाएँ होती हैं.