शुक्रवार, 24 नवंबर, 2006 को 16:17 GMT तक के समाचार
इराक़ की राजधानी बग़दाद में सुन्नी मस्जिदों पर हुए हमले में कम से कम 31 लोग मारे गए हैं. तलाफ़र में भी आत्मघाती हमलों में 22 लोग मारे गए हैं.
गुरुवार को सद्र सिटी में हुई व्यापक हिंसा के बाद सुन्नी मस्जिदों पर हमलों को बदले की कार्रवाई के रूप में देखा जा रहा है.
गुरुवार को बग़दाद के सद्र सिटी इलाक़े में हुए कई बम धमाकों में 200 से ज़्यादा लोग मारे गए थे. शुक्रवार को बग़दाद की चार सुन्नी मस्जिदों पर हमला किया गया.
अल हुर्रिया में तो एक मस्जिद जल कर ख़ाक हो गई. एक अन्य मस्जिद पर रॉकेट से हमला किया गया. दो अन्य मस्जिदों पर गोलियाँ चलाई गईं.
चेतावनी
हालाँकि गुरुवार की हिंसा के बाद वहाँ कर्फ़्यू लगाया गया है. लोगों को सिर्फ़ गुरुवार को मारे गए लोगों के जनाज़े में शामिल होने की अनुमति दी गई थी.
दूसरी ओर इराक़ के शिया नेता मुक़्तदा अल सद्र के समर्थकों ने चेतावनी दी है कि अगर प्रधानमंत्री नूरी अल मलिकी ने अमरीका के राष्ट्रपति जॉर्ज बुश से मुलाक़ात की तो वे कैबिनेट से अलग हो जाएँगे और संसद का भी बहिष्कार करेंगे.
नूरी अल मलिकी अगले सप्ताह राष्ट्रपति जॉर्ज बुश से मिलने वाले हैं. सद्र समर्थकों का कहना है कि गुरुवार को सद्र सिटी में हुई हिंसा के लिए अमरीकी सैनिक ज़िम्मेदार हैं.
उनका कहना है कि उनके पास अमरीकी सैनिकों और सुन्नी चरमपंथियों के बीच साँठ-गाँठ होने के सबूत हैं.