सोमवार, 20 नवंबर, 2006 को 21:19 GMT तक के समाचार
इराक़ी राष्ट्रपति जलाल तालाबानी ने देश में चल रही हिंसा पर काबू पाने के लिए ईरान के साथ चर्चा के ईरानी राष्ट्रपति महमूद अहमदीनेजाद के न्योते को मंज़ूर कर लिया है.
इराक़ी राष्ट्रपति के कार्यालय ने घोषणा की है कि राष्ट्रपति तालाबानी शनिवार को राष्ट्रपति अहमदीनेजाद से बातचीत करने के लिए ईरान जाएँगे.
कार्यालय का ये भी कहना है कि संभावना है कि चर्चा ईराक़ की सुरक्षा पर केंद्रित होगी.
अपुष्ट ख़बरों के अनुसार सीरिया के राष्ट्रपति बशर अल-असद भी इस बातचीत के दौरान मौजूद हो सकते हैं.
अमरीका ने इस घोषणा का सतर्कता से स्वागत किया है.
लेकिन अमरीकी विदेश मंत्रालय का कहना है कि इससे पूर्व ईरान ने इराक़ में हिंसा पर काबू पाने के लिए मदद देने के वादों पर अमल नहीं किया है.
पर्यवेक्षकों का मानना है कि हो सकता है कि ईरान के कूटनीतिक प्रयास अमरीका के ईरान और सीरिया को इस मुद्दे पर सहयोग देने पर मजबूर करने के प्रयासों को विफल करने के लिए किए जा रहे हों.
अमरीका ईरान और सीरिया पर आरोप लगाता आया है कि इराक़ में बढ़ रही हिंसा में इन दोनो देशों का हाथ है.
महत्वपूर्ण है कि सीरिया के विदेश मंत्री वालिद अल-मोअल्लेम आजकल इराक़ की यात्रा पर हैं और वे सर्वोच्च स्तर पर इराक़ी नेताओं से बीतचीत कर रहे हैं.