रविवार, 19 नवंबर, 2006 को 11:56 GMT तक के समाचार
ब्रिटेन की पुलिस रूसी खुफिया एजेंसी केजीबी के पूर्व जासूस को ज़हर दिए जाने के आरोपों की जाँच कर रही है.
कहा जाता है कि एलेक्ज़ेंडर लित्विनेन्को केजीबी में कर्नल रहे हैं. वे इस समय ब्रिटेन में निर्वासित ज़िंदगी गुज़ार रहे हैं. उन्हें रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन का आलोचक कहा जाता है.
उन्होंने बीबीसी को बताया था कि इस महीने के शुरू में लंदन के रेस्टोरेंट में अपने एक सूत्र से मिलने के बाद से उनकी तबीयत ख़राब हो गई.
स्कॉर्टलैंड यार्ड के प्रवक्ता ने बताया कि सेंट्रल लंदन के एक अस्पताल में भर्ती लितविनेन्को की हालत गंभीर लेकिन स्थिर है.
जाँच
बताया जा रहा है कि रूसी जासूस को कथित रूप से घातक रसायन थैलियम दिया गया है. ये भी माना जा रहा है कि वे रूसी पत्रकार अन्ना पोलितकोव्सकाया की हत्या की जाँच कर रहे थे.
व्लादिमीर पुतिन और चेचन्या में उनकी नीतियों की मुखर आलोचक रहीं पोलितकोव्सकाया की पिछले महीने मॉस्को में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी.
लित्विनेन्को ने पिछले सप्ताह बीबीसी को बताया था, "मेरे सूत्र ने मुझे मिलने के लिए कहा था, इसके बाद लंदन के एक रेस्टोरेंट में हमरी मुलाक़ात हुई. उसने मुझे कुछ दस्तावेज़ दिए, जिसमें कुछ नाम थे. शायद उन लोगों के जो अन्ना पोलितकोव्सकाया की हत्या में शामिल थे. इस मुलाक़ात के घंटो बाद मेरी तबीयत ख़राब होने लगी."
थैलियम रसायन नसों, फेफड़े, हृदय, लीवर और किडनी के लिए घातक होता है. बाल उड़ना, उल्टी और दस्त इसके लक्षण हैं. इसके एक ग्राम लेने भर से आदमी की मौत हो सकती है.
दोस्तों का कहना है कि लितविनेन्को अपने जीवन के लिए संघर्ष कर रहे हैं. उनके बाल उड़ चुके हैं और उन्हें बोलने में भी परेशानी हो रही है.