गुरुवार, 16 नवंबर, 2006 को 12:04 GMT तक के समाचार
एक अमरीकी मरीन सैनिक को एक इराक़ी नागरिक की हत्या में भाग लेने के लिए 18 महीने की जेल की सज़ा सुनाई गई है.
सात महीने पहले सैनिक जॉन जोदका ने कथित तौर पर आठ अन्य सैनिकों के साथ मिलकर एक बुज़ुर्ग व्यक्ति की पिटाई करने के बाद हत्या कर दी थी.
मारे गए व्यक्ति 52-वर्षीय बुजुर्ग थे और शारीरिक रूप से लाचार था.
उधर एक अलग घटना में एक अन्य अमरीकी सैनिक ने उन आरोपों को स्वीकार किया है कि उसने एक 14 वर्ष की इराक़ी लड़की के साथ बलात्कार करने के बाद उसकी और उसके परिवार की हत्या कर दी थी.
जेम्स बार्कर नाम के उस सैनिक ने बुधवार को अपने ख़िलाफ़ कोर्ट मार्शल की प्रक्रिया शुरू होने से पहले ऐसा स्वीकार किया और उसके वकील ने अपील की है कि उसे मौत की सज़ा न दी जाए.
गवाही भी देंगे
उधर 52-वर्षीय बुज़ुर्ग की हत्या के मामले में आरोप स्वीकार करने वाले मरीन सैनिक अपने अन्य सैन्य सहयोगियों के ख़िलाफ़ गवाही देने के लिए तैयार हो गए हैं.
उनका कहना है कि उन्होंने मारे गए इराक़ी व्यक्ति परिवार के सदस्यों से सार्वजनिक रूप से माफ़ी माँगी है.
यदि ये आरोप साबित होते हैं तो अन्य अभियुक्तों को मौत की सज़ा सुनाई जा सकती है.
समझा जा रहा है कि ये सैनिक एक कथित विद्रोही की तालाश में मारे गए व्यक्ति के घर पर पहुँचे थे लेकिन जब कथित विद्रोही मिल नहीं पाया तो गुस्से में उन्होंने 52-वर्षीय बुज़ुर्ग को अपना निशाना बनाया.