बुधवार, 15 नवंबर, 2006 को 18:05 GMT तक के समाचार
जापान में मौसम विभाग का कहना है कि देश के उत्तरी भाग में सूनामी लहरें आई हैं लेकिन उनकी तीव्रता हल्की ही रही.
मौसम विभाग के अनुसार होकाइडो द्वीप के निकट नेमोरो बंदरगाह पर बुधवार को 40 इंच की सूनामी लहरें रिकार्ड की गईं. इस क्षेत्र में बुधवार को ही दूसरी बार 20 इंच की लहरें रिकार्ड की गईं.
मौसम विभाग जेएमए ने इसके पहले सूनामी की दो मीटर ऊंची लहरें उठने का अनुमान लगाया था.
जापान के उत्तरी क्षेत्र में इससे पहले 8.1 तीव्रता का भूकंप आया था. भूकंप से किसी नुक़सान की ख़बर नहीं है.
जापान के टीवी और रेडियो पर सूनामी संबंधी सूचना की जानकारी दी गई और लोगों को ऊंची जगहों पर जाने की सलाह दी गई है.
एशिया प्रशांत सूनामी चेतावनी केंद्र ने मारकस, वेक और मिडवे द्वीपों के बारे में भी सूनामी लहरों की चेतावनी दी है.
टोकियो में बीबीसी के संवाददाता का कहना है कि जापान में पहले भी सूनामी लहरों से काफ़ी नुक़सान हुआ था.
जापान दुनिया में सबसे ज़्यादा भूकंप प्रभावी क्षेत्रों में से एक है.