http://www.bbcchindi.com

बुधवार, 15 नवंबर, 2006 को 19:37 GMT तक के समाचार

अमरीकी सैनिक ने आरोप स्वीकार किए

एक अमरीकी सैनिक ने उन आरोपों को स्वीकार किया है कि उसने एक 14 वर्ष की इराक़ी लड़की के साथ बलात्कार करने के बाद उसकी और उसके परिवार की हत्या कर दी थी.

जेम्स बार्कर नाम के इस सैनिक ने बुधवार को अपने ख़िलाफ़ कोर्ट मार्शल की प्रक्रिया शुरू होने से पहले ऐसा स्वीकार किया.

सैनिक के वकील ने बताया कि सैनिक ने अपील की है कि उसे मौत की सज़ा न दी जाए.

इसके बदले वो इस हमले में शामिल अपने बाक़ी तीन साथियों के ख़िलाफ़ गवाही देने के लिए तैयार है जिनपर इस आपराधिक गतिविधि में शामिल होने का आरोप है.

आरोप के मुताबिक जेम्स वार्कर सहित चार अमरीकी सैनिकों ने इसी वर्ष मार्च महीने में दक्षिणी बग़दाद के महमूदिया इलाके में हुए एक पूर्वनियोजित हमले को अंजाम दिया था.

अपराध

चारों सैनिकों ने इस हमले में एक 14 वर्ष की इराक़ी लड़की के साथ बलात्कार किया था जिसके बाद उसकी और उसके परिवार के सदस्यों की हत्या कर दी गई थी.

इस परिवार की हत्या करने के बाद सैनिकों ने इनको जला दिया था ताकि सबूतों का नष्ट किया जा सके.

अगर इन सैनिकों पर यह आरोप साबित हो जाता है तो इनमें से दो सैनिकों को मौत की सज़ा हो सकती है.

चारों अभियुक्त अमरीकी सेना की 101 वीं एयरवौर्न डिवीज़न की दूसरी ब्रिगेड के सैनिक हैं.

उधर एक अन्य मामले में अमरीकी नौसेना के जॉन जोदका ने एक इराक़ी परिवार के सदस्यों से सार्वजनिक रूप से माफी माँगी है.

इसी वर्ष इस परिवार के एक बुज़ुर्ग व्यक्ति की अमरीकी सैनिकों ने पिटाई करने के बाद हत्या कर दी थी. यह बुजुर्ग व्यक्ति शारीरिक रूप से लाचार था.