http://www.bbcchindi.com

मंगलवार, 14 नवंबर, 2006 को 12:17 GMT तक के समाचार

हमास ने अपना रुख़ फिर दोहराया

फ़लस्तीनी सरकार का नेतृत्व करने वाले दल हमास ने कहा है कि प्रस्तावित राष्ट्रीय एकता वाली सरकार इन अंतरराष्ट्रीय माँगों पर राज़ी नहीं होगी कि इसराइल के वजूद को मान्यता दी जाए.

हमास के अधिकारियों ने कहा है कि नई सरकार उस समाधान को भी स्वीकार नहीं करेगी जिसमें इसराइल और फ़लस्तीन को दो पड़ोसी देशों के रूप में मान्यता दी जाए.

ग़ौरतलब है कि हमास इसराइल के वजूद को मान्यता नहीं देता और जब से वह सरकार में आया है तभी से यूरोपीय संघ और अमरीका यह माँग कर रहे हैं कि हमास हिंसा का त्याग करे और इसराइल के वजूद को मान्यता दे, तभी वे हमास के नेतृत्व वाली फ़लस्तीनी सरकार के साथ कोई संबंध रख सकते हैं.

अमरीका और यूरोपीय संघ ने इसी मुद्दे पर फ़लस्तीनी सरकार को दी जाने वाली सहायता भी स्थगित कर रखी है और दोनों पक्षों के बीच कोई बातचीत भी नहीं हो रही है.

उधर एक राष्ट्रीय एकता वाली फ़लस्तीनी सरकार के गठन के लिए हमास और एक अन्य प्रमुख फ़लस्तीनी गुट फ़तह के बीच बातचीत चल रही है.

सोमवार को ऐसी ख़बरें मिलीं कि दोनों पक्ष प्रस्तावित राष्ट्रीय एकता वाली सरकार के प्रधानमंत्री के नाम पर सहमत हो गए हैं हालाँकि इसकी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है.

लेकिन सीरिया स्थित हमास के एक वरिष्ठ पदाधिकारी ने कहा है कि नई सरकार का नेतृत्व मोहम्मद शबीर करेंगे. मोहम्मद शबीर एक शिक्षाविद हैं जो हमास के नज़दीकी रहे हैं लेकिन उनका कहना है कि वह हमास के सदस्य नहीं हैं.