http://www.bbcchindi.com

रविवार, 12 नवंबर, 2006 को 17:32 GMT तक के समाचार

इराक़ी कैबिनेट में फेरबदल के संकेत

इराक़ के प्रधानमंत्री नूरी अल मलिकी ने कहा है कि वे अपने मंत्रियों के काम से संतुष्ट नहीं हैं और जल्द ही कैबिनेट में फेरबदल करने की योजना बना रहे हैं.

रविवार को बंद कमरे में इराक़ी संसद का सत्र हुआ. संसद को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि देश की मौजूदा सुरक्षा स्थिति से निपटने के लिए बदलाव ज़रूरी हैं.

प्रधानमंत्री मलिकी ने उन लोगों की आलोचना की जो सरकार से ज़्यादा अपनी पार्टी और धार्मिक गुटों के प्रति वफ़ादार हैं.

देश में जातीय हिंसा को रोक पाने में नाकामी के कारण छह महीने पुरानी इस गठबंधन सरकार की कड़ी आलोचना हो रही है.

इस गठबंधन में धार्मिक शिया पार्टियाँ, कुर्द, सुन्नी अरब और कुछ धर्मनिरपेक्ष ग्रुप भी शामिल हैं. इस बीच इराक़ में हिंसा का दौर जारी है.

आलोचना

रविवार को राजधानी बग़दाद में पुलिस भर्ती कार्यालय के बाहर हुए आत्मघाती बम धमाके में 35 लोग मारे गए और 60 अन्य घायल हो गए.

इराक़ी प्रधानमंत्री नूरी अल मलिकी ने संसद में कहा कि मंत्रियों को इराक़ और सरकार के प्रति वफ़ादारी दिखानी चाहिए.

बीबीसी संवाददाताओं का कहना है कि प्रधानमंत्री मलिकी पहले भी एक या दो मंत्रियों को बदलने की बात करते रहे हैं लेकिन यह पहला मौक़ा है जब उन्होंने एक व्यापक बदलाव की बात कही है.

संसद के सत्र की अध्यक्षता कर रहे उपाध्यक्ष ख़ालिद अल अतिया ने कहा कि सरकार का कामकाज प्रभावशाली नहीं रहा है और प्रधानमंत्री मलिकी इसमें सुधार करना चाहते हैं.

ये घोषणा ऐसे समय आई है जब कुछ दिनों पहले ही सुन्नी अरब राजनेताओं ने राजनीतिक प्रक्रिया से अलग हो जाने की धमकी दी थी.

उनका कहना था कि अगर सरकार ने शिया विद्रोहियों की सेना को विघटित करने की मांग की अनदेखी जारी रखी तो वे भी हथियार उठा लेंगे.