http://www.bbcchindi.com

रविवार, 12 नवंबर, 2006 को 22:33 GMT तक के समाचार

अरब देशों की प्रतिबंध तोड़ने की घोषणा

अरब लीग के महासचिव अम्र मूसा ने घोषणा की है कि अरब देश इस बात पर सहमत हो गए हैं कि हमास के नेतृत्ववाली फ़लस्तीनी सरकार पर पश्चिमी देशों के आर्थिक प्रतिबंधों में सहयोग न किया जाए.

यह घोषणा काहिरा में अरब विदेश मंत्रियों की आपात बैठक के बाद की गई.

यह बैठक ग़ज़ा में इसराइली कार्रवाई की निंदा के एक प्रस्ताव को अमरीका के वीटो करने के बाद बुलाई गई थी.

इसके पहले अरब देशों ने अमरीका की ओर से ग़ज़ा पर संयुक्त राष्ट्र के प्रस्ताव को वीटो करने की निंदा की थी.

ग़ौरतलब है कि अमरीका ने संयुक्त राष्ट्र में ग़ज़ा पर आए एक प्रस्ताव को वीटो कर दिया था जिसमें इसराइली सेना के ग़ज़ा अभियान की आलोचना की गई थी.

ग़ौरतलब है कि इसराइल के हमले में 18 फ़लस्तीनी नागरिक मारे गए थे.

बीबीसी संवाददाता का कहना है कि हालांकि यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि कैसे आर्थिक प्रतिबंधों को तोड़ा जाएगा.

इस बारे में भी कुछ नहीं गया है कि जो अरब बैंक फ़लस्तीनी सरकार से वित्तीय लेन देन करेंगे और उसके बाद उन पर लगनेवाले आर्थिक प्रतिबंधों के लिए क्या मदद दी जाएगी.

फ़लस्तीनी विदेश मंत्री महमूद अज़हर ने स्वीकार किया कि धनराशि पहुँचने में कुछ वक्त लगेगा. लेकिन उनका कहना था कि इस फ़ैसले से फतह के साथ राष्ट्रीय एकता सरकार गठित करने में मदद मिलेगी.

उल्लेखनीय है कि अमरीका और यूरोपीय संघ हमास को चरमपंथी संगठन मानते हैं.