शनिवार, 11 नवंबर, 2006 को 14:05 GMT तक के समाचार
फलस्तीन के राष्ट्रपति महमूद अब्बास ने कहा है कि दिसंबर तक मौजूदा सरकार की जगह राष्ट्रीय एकता सरकार का गठन किया जा सकता है.
उन्होंने कहा, "बातचीत में काफ़ी प्रगति हुई है". महमूद अब्बास के नेतृत्व वाली फ़तह पार्टी इस साल हुए चुनाव में हमास से हार गई थी.
इसके बाद दोनों पक्ष एक ऐसी राष्ट्रीय एकता सरकार के गठन में नाकाम रहे थे जिसे पश्चिमी देश भी मान्यता देते.
हमास के सत्ता में आने के बाद इसराइल और पश्चिमी देशों ने फ़लस्तीनी क्षेत्र को मिलने वाली आर्थिक सहायता पर प्रतिबंध लगा दिया था. उनका कहना था कि हमास एक आतंकवादी संगठन है.
महमूद अब्बास फलस्तीनी नेता यासिर अराफ़ात की दूसरी पुण्यतिथि के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे.
प्रगति
उन्होंने कहा, "हम अपनी जनता को ख़ुशख़बरी देना चाहते हैं कि राष्ट्रीय एकता सरकार के गठन की दिशा में काफ़ी प्रगति हुई है जिससे हालात में काफ़ी सुधार होगा".
उन्होने उम्मीद जताई कि इस महीने के आख़िर तक उम्मीद की नई किरण नज़र आएगी. शनिवार को रमल्ला में आयोजित इस कार्यक्रम में हज़ारों लोग मौजूद थे. जो यासिर अराफ़ात की तस्वीरें और फ़लस्तीनी झंडा लिए हुए थे.
शुक्रवार को अब्बास ने इसराइली प्रधानमंत्री इस्माईल हानिया से सत्ताधारी हमास के बारे में बतचीत की थी जिसके बाद हानिया ने उम्मीद ज़ाहिर की थी कि तीन सप्ताह में नई कैबिनेट का गठन हो सकेगा.
हानिया ने यह भी कहा था कि अगर उनके इस्तीफ़ा देने से पश्चिमी देशों से दी जाने वाली आर्थिक सहायता बहाल हो जाती है तो वह इस्तीफ़ा देने को तैयार हैं.