शनिवार, 11 नवंबर, 2006 को 11:32 GMT तक के समाचार
बग़दाद के भीड़ भरे बाज़ार में दो बमों के फटने से कम से कम आठ लोगों की मौत हो गई है और 30 अन्य घायल हो गए हैं.
इराक़ के सुरक्षा अधिकारियों का कहना है कि ये विस्फोट मध्य बग़दाद में हुए हैं.
अधिकारियों का कहना है कि दोनों विस्फोट कार बमों से किए गए और दोनों ही लगभग एक साथ फटे.
पुलिस का कहना है कि मरने वालों की संख्या में बढ़ोत्तरी हो सकती है.
इसके अलावा उत्तरी बग़दाद में एक पुलिस स्टेशन पर एक आत्मघाती कार बम हमला हुआ जिसमें दो लोगों की मौत हो गई.
इसके अलावा इराक़ी शहर हिल्ला में अमरीकी सरकार के कार्यालय पर मोर्टार से हमला किया गया जिससे परिसर में आग लग गई.
हिंसा बढ़ी
शनिवार को विस्फोट शोरजा थोक बाज़ार में हुआ है. इराक़ के गृहमंत्रालय का कहना है कि इस बाज़ार में पहले भी कई विस्फोट हो चुके हैं.
सद्दाम हुसैन को फाँसी की सज़ा सुनाए जाने के बाद जब कर्फ्यू हटाया गया तब से अब तक कई बाज़ारों में विस्फोट हो चुके हैं.
बुधवार को एक भीड़ भरे बाज़ार में हुए दो विस्फोटों से 10 लोग मारे गए थे.
गुरुवार को बग़दाद में लगातार कई विस्फोटों से 18 लोग मारे गए थे और कई लोग घायल हो गए थे.
पिछले कुछ दिनों में बग़दाद सहित इराक़ के कई हिस्सों में हिंसा की घटनाएँ बढ़ी हैं और चार दिनों में इराक़ में क़रीब सौ लोग मारे जा चुके हैं.