http://www.bbcchindi.com

शुक्रवार, 10 नवंबर, 2006 को 15:13 GMT तक के समाचार

हानिया ने इस्तीफ़ा देने की पेशकश की

फ़लस्तीनी प्रधानमंत्री इस्माईल हानिया ने अपने पद से इस्तीफ़ा देने की पेशकश की है.

हमास की सरकार का नेतृत्व कर रहे हानिया ने कहा कि अगर उनके इस्तीफ़ा देने से पश्चिमी सहायता बहाल हो जाती है, तो वे ऐसा करने के लिए तैयार हैं.

इस्माईल हानिया ने शुक्रवार को फ़लस्तीनी प्रशासन के प्रमुख महमूद अब्बास से मुलाक़ात की और राष्ट्रीय सरकार के गठन के मुद्दे पर बातचीत की.

उन्होंने कहा कि इस मुद्दे पर बातचीत में अच्छी प्रगति हुई है. हानिया ने उम्मीद जताई कि अगले तीन हफ़्तों में नई कैबिनेट का गठन हो सकता है.

संवाददाताओं के मुताबिक कि हानिया के बयान से ऐसा लग रहा है कि फ़तह और हमास समझौते के क़रीब पहुँच रहे हैं.

इस साल के शुरू में हमास के नेतृत्व में सरकार के गठन के बाद इसराइल और पश्चिमी देशों ने फ़लस्तीनी क्षेत्र में आर्थिक सहायता बंद कर दी थी.

इनकार

इन देशों का कहना है कि हमास आतंकवादी संगठन है. अंतरराष्ट्रीय दबाव के बावजूद हमास ने इसराइल को मान्यता देने से इनकार कर दिया है.

साथ ही हमास ने हिंसा का त्याग करने और पहले इसराइल-फ़लस्तीन संधियों को भी मानने से मना कर दिया था. और तो और हमास और फ़तह के बीच सत्ता संघर्ष बढ़ गया था.

महमूद अब्बास के साथ बातचीत के बाद इस्माईल हानिया ने कहा कि अमरीका और यूरोपीय देश ये नहीं चाहते कि वे राष्ट्रीय एकता सरकार का नेतृत्व करें.

हानिया ने कहा कि अगर उन्हें ये चुनना पड़ा कि वे प्रधानमंत्री बनें रहें या फ़लस्तीनी क्षेत्र को मिल रही आर्थिक सहायता बहाल हो तो वे फ़लस्तीनी जनता की समस्याओं को कम करना चाहेंगे.

उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय एकता सरकार के गठन पर बातचीत अगले सप्ताह शुरू होगी. उन्होंने उम्मीद जताई कि तीन सप्ताह के अंदर नए कैबिनेट का गठन हो जाएगा.