बुधवार, 08 नवंबर, 2006 को 10:59 GMT तक के समाचार
तमिल विद्रोहियों का कहना है कि पूर्वी श्रीलंका में विस्थापितों के एक शिविर पर सेना ने हमला किया है जिसमें 45 लोग मारे गए हैं.
तमिल विद्रोहियों यानी एलटीटीई के प्रवक्ता एस पुलीदीवन ने बीबीसी को बताया कि वहारी इलाक़े में यह घटना हुई है. इसमें 125 लोग घायल भी हुए हैं.
पुलीदीवन और स्थानीय अधिकारियों का कहना है कि एक स्कूल में बना शरणार्थी शिविर सेना की गोलाबारी का शिकार हो गया.
सेना के प्रवक्ता प्रसाद समरसिंघे ने कहा कि उन्हें निर्दोष लोगों के मारे जाने के बारे में सूचना नहीं है.
हालाँकि उन्होंने बट्टिकलोआ में 'भारी गोलाबारी' होने की पुष्टि की.
श्रीलंका सरकार और एलटीटीई के बीच संघर्ष विराम की निगरानी कर रही समिति के सदस्य घटनास्थल की ओर रवाना हो गए हैं.
ग़ौरतलब है कि दोनों पक्षों के बीच वर्ष 2002 में संघर्ष विराम समझौता हुआ था लेकिन इस साल शुरू से अब तक सेना और तमिल विद्रोहियों के बीच कई मोर्चों पर झड़पें हो चुकी हैं.