बुधवार, 08 नवंबर, 2006 को 20:02 GMT तक के समाचार
अमरीकी संसद के मध्यावधि चुनावों में विपक्षी डेमोक्रेटिक पार्टी को प्रतिनिधि सभा में मिली बहुमत के बाद राष्ट्रपति बुश ने घोषणा की है रक्षा मंत्री डॉनल्ड रम्सफ़ेल्ड अपना पद छोड़ रहे हैं.
उनका कहना था कि अमरीकी गुप्तचर एजेंसी सीआईए के पूर्व अध्यक्ष रॉबर्ट गेट्स उनकी जगह लेंगे यानि रॉबर्ट गेट्स नए अमरीकी रक्षा मंत्री होंगे.
(राष्ट्रपति बुश के बयान का वीडियो देखने के लिए क्लिक करें)
राष्ट्रपति बुश ने माना कि चुनावों में इराक़ का मुद्दा मतदाताओं के लिए एक बड़ा मुद्दा था और ये एक कारण था कि उन्होंने डॉनल्ड रम्सफ़ेल्ड को रक्षा मंत्री के पद से हटाने का फ़ैसला किया.
लेकिन राष्ट्रपति बुश ने ज़ोर देकर कहा कि अमरीका इराक़ में अपना काम पूरा करेगा.
उन्होंने माना कि मध्यावधि चुनावों ने बहुत कुछ बदल दिया है लेकिन उन्होंने ये भी कहा कि इससे अमरीका का अपने दुश्मनों का सामना करने का संकल्प नहीं बदला है.