http://www.bbcchindi.com

सोमवार, 06 नवंबर, 2006 को 19:08 GMT तक के समाचार

अमरीका में चुनावी प्रचार का अंतिम दौर

अमरीका के दोनों प्रमुख राजनीतिक दल संसद के मध्यावधि चुनावों के लिए अंतिम दौर के प्रचार में लगे हुए हैं. मतदान मंगलवार को होना है.

राष्ट्रपति जॉर्ज बुश दक्षिणी प्रांतों फ़्लोरिडा, टेक्सास और अर्कन्सास में प्रचार में जुटे हैं और रिपब्लिकन पार्टी के लिए लोगों से वोट देने की अपील कर रहे हैं.

उधर डेमोक्रेट इराक़ को मुद्दा बनाए हुए हैं और कह रहे हैं कि रिपब्लिकन पार्टी ने बुश प्रशासन की 'असफल इराक़ नीति' का आँख मूंद कर पालन किया.

उल्लेखनीय है कि हाल के सर्वेक्षणों में डेमोक्रेट्स की लोकप्रियता कुछ घटी है.

वॉशिंगटन में बीबीसी संवाददाता जेम्स कुमारस्वामी का कहना है कि इराक़ में हाल के दिनों में कई अमरीकी सैनिकों की मौत और राष्ट्रपति की घटती लोकप्रियता ने कई सीटों पर मुक़ाबले को कठिन बना दिया है.

उनका कहना है कि रिपब्लिकन कड़ी मेहनत कर रहे हैं और हाल के दिनों में इसका फ़ायदा भी मिला है.

अग्रिम मतदान की सुविधा का लाभ उठाते हुए हज़ारों लोगों ने पहले ही मतदान कर दिया है.

पैंतीस प्रांतों और कोलंबिया ज़िले में चुनाव के पहले मतदान की सुविधा दी गई है.

फिर भी मतदान का प्रतिशत 40 से अधिक होने की उम्मीद नहीं है.

इराक़ का साया

चुनाव प्रचार को इराक़ ने बहुत प्रभावित किया है.

दोनों ही दलों ने रविवार को इराक़ के पूर्व राष्ट्रपति सद्दाम हुसैन को मौत की सज़ा के फ़ैसले का स्वागत किया है.

हालांकि सोमवार को प्रकाशित प्रमुख सैन्य जर्नलों में सरकार की इराक़ नीति की निंदा की गई है.

इन जर्नलों ने अपनी संपादकीय में कहा है कि रक्षामंत्री रम्सफ़ेल्ड की ग़लत इराक़ नीति की वजह से सरकार विफल हूई है और रक्षामंत्री को हटा दिया जाना चाहिए.

इस बीच राष्ट्रपति बुश लगातार पाँचवें दिन दक्षिणी प्रांतों में चुनाव प्रचार कर रहे हैं क्योंकि इन्हीं इलाक़ों में रिपब्लिकन की स्थिति कमज़ोर मानी जा रही है.

सात नवंबर को होने वाले चुनावों में कांग्रेस यानी निचले सदन के सभी सदस्यों और सीनेट यानी उच्च सदन के एक तिहाई सदस्यों और 36 गवर्नरों के चुनाव होने हैं.