http://www.bbcchindi.com

सोमवार, 06 नवंबर, 2006 को 23:25 GMT तक के समाचार

बाथ पार्टी सदस्यों की नौकरी बहाल होगी

इराक़ के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा है कि संविधान में इसका प्रावधान कर दिया गया है कि सद्दाम हुसैन की बाथ पार्टी के सदस्य फिर से सरकारी नौकरी पर बहाल हो सकेंगे.

तीन साल पहले अमरीकी हमले के बाद सद्दाम हुसैन की सरकार के अपदस्थ हो जाने के बाद बाथ पार्टी के सदस्यों को अमरीकी प्रशासक पॉल ब्रेमर ने बर्खास्त कर दिया था.

इराक़ को बाथ प्रभाव से मुक्त करने के लिए बनी सुप्रीम नेशनल कॉउंसिल के प्रमुख अली अल-लैमी का कहना है कि इस प्रावधान से कोई दस लाख लोगों की सरकारी नौकरी पर बहाली हो सकती है.

ये सब मुख्य रुप से सुन्नी अल्पसंख्यक समुदाय से हैं.

कहा गया है कि सद्दाम हुसैन के साथ अपराध में शामिल बाथ पार्टी के 15 सौ शीर्ष पदाधिकारियों को इस सुविधा से अलग रखा जाएगा.

संवाददाताओ का कहना है कि इराक़ी प्रशासन पर ऐसा करने के लिए अमरीकी दबाव है क्योंकि अमरीका का मानना है कि ऐसा करके सुन्नियों को इराक़ के पुनर्निर्माण में भागीदार बनाया जा सकेगा.