http://www.bbcchindi.com

सोमवार, 30 अक्तूबर, 2006 को 06:47 GMT तक के समाचार

इराक़ में बम विस्फोट, 29 की मौत

इराक़ की राजधानी बग़दाद में हुए एक बम धमाके में कम से कम 29 लोगों की मौत हो गई है और 50 से भी ज़्यादा लोग घायल हो गए हैं.

स्थानीय अधिकारियों ने बताया है कि यह विस्फोट इतना शक्तिशाली था कि कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं और इस हादसे में मरने वालों की तादाद बढ़ भी सकती है.

यह धमाका राजधानी बग़दाद के भीड़भाड़ वाले सद्र शहर में हुआ. सद्र में अधिकतर शिया परिवार रहते हैं और इसे मुक़्तदा अल सद्र के गढ़ के तौर पर देखा जाता है.

जानकारी के मुताबिक इस धमाके में मारे गए अधिकतर लोग मजदूरी करने वाले थे औऱ सुबह के वक्त काम पर जाने के लिए एक जगह पर इकट्ठा हुए थे.

जिस जगह पर ये लोग इकट्ठा थे वहाँ एक कूड़ेदान में यह बम रखा गया था.

हालांकि अभी तक इस बात के कोई संकेत नहीं मिले हैं कि इस धमाके के लिए कौन ज़िम्मेदार हैं पर संवाददाताऔं के अनुसार इसके पीछे सुन्नी चरमपंथियों का हाथ हो सकता है.

फिलहाल सद्र शहर को अमरीकी सैनिकों ने घेर रखा है और वे वहाँ अपने एक अपहृत सैनिक को खोजने में लगे हैं.

ग़ौरतलब है कि पिछले कुछ महीनों में इराक़ में शिया और सुन्नी समुदाय के लोगों के बीच हुई हिंसा में सैकड़ों लोग मारे जा चुके हैं.

अमरीकी सेना को भी इस स्थिति से निपटने के लिए कड़ी चुनौती का सामना करना पड़ रहा है. पिछले एक महीने के संघर्ष के दौरान अमरीका के लगभग 100 सैनिक मारे जा चुके हैं.