http://www.bbcchindi.com

गुरुवार, 26 अक्तूबर, 2006 को 20:13 GMT तक के समाचार

इराक़ में संघर्ष, 28 लोग मारे गए

इराक़ में सरकार का कहना है कि बक़ूबा शहर में इराक़ी पुलिस और सशस्त्र लड़ाकों के बीच हुई लड़ाई में कम से कम 28 लोग मारे गए हैं. इनमें कम से कम 12 इराक़ी सैनिक हैं.

बक़ूबा राजधानी बग़दाद से 65 किलोमीटर उत्तर में स्थित है और उस प्रांत में हैं जहाँ शिया और सुन्नी दोनो ही समुदायों के लोग रहते हैं.

अमरीकी सेना में सूत्रों का कहना है कि लड़ाई कई घंटे चली और उसके बाद बक़ूबा के कई ज़िलों में फैल गई.

इराक़ी पुलिस के अनुसार इस लड़ाई के दौरान 35 लोग घायल भी हुए हैं. पुलिस ने इराक़ी सेना से मदद की अपील की है.

इससे पहले अमरीकी सेना का कहना था कि बुधवार को अनबार प्रांत में झड़प में उसके पाँच सैनिक मारे गए.

इसके साथ ही अक्तूबर में इराक़ में 96 अमरीकी सैनिक मारे गए हैं जो इस साल किसी भी महीने में मारे जाने वाले अमरीकी सैनिकों की सबसे अधिक संख्या है.

अक्तूबर में ही लगभग 300 इराक़ी सैनिक भी मारे गए हैं.

हाल में राष्ट्रपति जॉर्ज बुश ने माना था कि कई अमरीकी इराक़ की स्थिति से संतुष्ट नहीं हैं और उनका कहना था कि उनका भी यही मत हैं. लेकिन उन्होंने ज़ोर देकर कहा है कि 'जीत' अब भी संभव है.

महत्वपूर्ण है कि उनकी टिप्पणी अमरीका में संसदीय चुनावों से लगभग दो हफ़्ते पहले आई थी.