बुधवार, 25 अक्तूबर, 2006 को 20:33 GMT तक के समाचार
अमरीका में संसदीय चुनावों से दो हफ़्ते पहले राष्ट्रपति जॉर्ज बुश ने माना है कि कई अमरीकी इराक की स्थिति से संतुष्ट नहीं हैं और कहा है कि उनका भी यही मत हैं. लेकिन उन्होंने ज़ोर देकर कहा है कि 'जीत' अब भी संभव है.
राष्ट्रपति बुश ने संवाददाता सम्मेलन में चेतावनी दी कि यदि इराक़ी राष्ट्र असफल होता है तो उसके तेल से अर्जित होने वाली संपत्ति चरमपंथियों के हाथ लग सकती है और वे ताज़ा हमले कर सकते हैं.
उन्होंने अमरीकी रक्षा मंत्री डॉनल्ड रम्सफ़ेल्ड का बचाव किया. कई पर्यवेक्षकों ने इराक़ में जिस तरह से लड़ाई लड़ी गई है उसके लिए रम्सफ़ेल्ड की कड़ी आलोचना की है.
उधर इराक़ के प्रधानमंत्री नूरी अल मलिकी ने कहा है कि अवैध तौर पर काम कर रहे हथियारबंद लड़ाकों से सख़्ती से निपटा जाएगा.
'लड़ाई जीतेंगे'
उन्होंने ये भी कहा कि पिछले महीने 93 अमरीकी सैनिकों और 300 इराक़ी सुरक्षाकर्मियों के मारे जाने पर उन्हें चिंता है.
उनका कहना था, "आम नागरिकों को आतंकवादियों, विद्रोहियों, अवैध लड़ाकों और सशस्त्र गुटों और अपराधियों के हाथों ऐसी हिंसा सहनी पड़ी है जो बयान नहीं की जा सकती."
राष्ट्रपति बुश का कहना था, "हम इस लड़ाई के संदर्भ में अपनी असंतुष्टी को
मोह-भंग होने वाली स्थिति में बदलने की इजाज़त नहीं दे सकते. हम जीत रहे हैं और जीतेंगे यदि हम अपना काम पूरा किए बिना नहीं चले जाते."