सोमवार, 23 अक्तूबर, 2006 को 18:30 GMT तक के समाचार
अमरीका और ब्रिटेन पर इस बात का दवाब लगातार बढ़ रहा है कि इराक़ में हिंसा की घटनाओं में आई तेज़ी के मद्देनज़र दोनों देश अपनी नीतियों में कुछ बदलाव लाएँ.
इस दबाव के कारण अब दोनों देशों की ओर से इस प्रयास में तेज़ी आई है कि इराक़ बढ़ती हिंसा को नियंत्रित करने के लिए कुछ और क़दम उठाए.
व्हाइट हाउस के एक वरिष्ठ सलाहकार ने कहा है कि इराक़ी सरकार को चाहिए कि वो अपनी भूमिका का पूरी तरह से निर्वहन करे और सुरक्षा मुहैया कराने की अधिक ज़िम्मेदारी ले.
इराक़ी उप प्रधानमंत्री बरहम सलेह ने कहा है कि इस वर्ष के अंत तक लगभग आधे राज्यों में सुरक्षा व्यवस्था को इराक़ी सेना अपने दायरे में शामिल कर लेगी.
हिंसा जारी
इराक़ की राजधानी बग़दाद में चार बम धमाकों में आठ लोगों की मौत हो गई है. उधर हिंसा की दूसरी घटनाओं में छह अमरीकी सैनिक मारे गए हैं.
बताया जा रहा है कि राजधानी बग़दाद में अलग-अलग स्थानों पर चार धमाके हुए जिनमें आठ लोगों की मौत हो गई है.
इनमें से तीन धमाकों में सुरक्षाबलों को निशाना बनाया गया था और एक धमाका एक भीड़ भरे रास्ते पर हुआ.
संवाददाताओँ ने बताया कि इराक़ में सुन्नी समुदाय के लोग रमज़ान के महीने के पूरे होने के बाद ईद का त्योहार मना रहे हैं और इसकी वजह से इन धमाकों की आवाज का अलग से अंदाज़ा नहीं लग सका.
दरअसल इन धमाकों की आवाज़ ईद के मौके पर चलाए जा रहे स्वचालित हथियारों की आवाज़ में ही मिल गई.
अमरीका को चोट
इसके अलावा इराक़ में छह अमरीकी सैनिकों की भी मौत हो गई है.
अमरीकी सेना के अधिकारियों ने बताया कि राजधानी बग़दाद में पाँच सैनिक मारे गए हैं जबकि एक और अमरीकी सैनिक अनबर क्षेत्र में मारा गया है.
पिछले एक महीने में हुई हिंसा की घटनाओँ में 80 से ज़्यादा अमरीकी सैनिक मारे जा चुके हैं.
ग़ौरतलब है कि पिछले कुछ हफ्तों में इराक़ में शिया-सुन्नी संघर्ष में तेज़ी आई है जिसकी वजह से भड़की हिंसा में बड़ी संख्या में लोग और सुरक्षाकर्मी मारे गए हैं.