http://www.bbcchindi.com

रविवार, 22 अक्तूबर, 2006 को 05:42 GMT तक के समाचार

9/11 हादसा: और मानव अवशेष मिले

पाँच साल पहले चरमपंथी हमले में नेस्तनाबूत हुए वर्ल्ड ट्रेड सेंटर के निकट काम कर रहे मज़दूरों को और मानव अवशेष मिले हैं.

हमले में ये इमारत पूरी तरह नष्ट हो गई थी जिसे अब 'ग्राउंड ज़ीरो' कहा जाता है.

मज़दूरों को बंद पड़े नालों से 15 मानव अवशेष मिले हैं. दो दिन पहले ही ग्राउंड ज़ीरो से हड्डियों के लगभग 80 टुकड़े मिले थे.

मृतकों के अवशेष अबतक मिलने से इस हमले में मारे गए लोगों के परिजन ख़ासे नाराज़ हैं.

जानकारी के मुताबिक इस जगह से मृतकों के शरीर के कुछ अवशेष मिले हैं जिनमें से कुछ का आकार हाथ-पैरों की हड्डियों के बराबर है.

परिजनों ने ग्राउंड ज़ीरो की व्यवस्थित ढंग से सफ़ाई किए जाने की माँग की है. उन्हें आशंका है कि अभी और भी अवशेष वहाँ से मिल सकते हैं.

न्यूयॉर्क के अधिकारी इन अवशेषों का डीएनए परीक्षण करवाकर इस बात को जानने की कोशिश करेंगे कि ये अवशेष किन लोगों के हैं.

वर्ल्ड ट्रेड सेंटर पर नौ सितंबर, 2001 को हुए भीषण हमले में दो हज़ार 700 से ज़्यादा लोग मारे गए थे जिनमें से 40 फ़ीसदी के शव बरामद नहीं हो सके.

ग़ौरतलब है कि लगभग 40 दिन पहले ही इस हमले की पाँचवीं बरसी हुई थी.