शनिवार, 21 अक्तूबर, 2006 को 18:33 GMT तक के समाचार
इराक़ी सेना के मुताबिक राजधानी बग़दाद के पास हिंसा की ताज़ा घटनाओं में कम से कम 17 लोगों की मौत हो गई है जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए हैं.
हिंसा की इस ताज़ा घटना में बगदाद से लगे हुए महमूदिया कस्बे में साइकिलों के ज़रिए विस्फोट किया गया और दो मोर्टार भी दागे गए हैं.
पुलिस ने बताया कि साइकिल सवार आत्मघाती हमलावर ने एक बाज़ार में लोगों के बीच ख़ुद को विस्फोटक से उड़ा दिया.
इससे पहले इराक़ी टेलीविज़न ने बताया कि इन हमलों में एक आत्मघाती हमला भी शामिल है और कम से कम 30 लोगों की मौत हो गई है.
उधर पुलिस का कहना है कि कई लोग गंभीर रूप से घायल हैं और इस वजह से मरने वालों की तादाद बढ़ भी सकती है.
हिंसा की एक और घटना दक्षिण-पूर्वी कस्बे सुवैरा में हुई जहाँ पुलिस और शिया विद्रोहियों के बीच संघर्ष में आठ लोगों की मौत हो गई है जबकि कुछ अन्य घायल हो गए हैं.
जानकारी के मुताबिक यह घटना तब हुई जब शिया विद्रोहियों ने एक स्थानीय पुलिस चौकी पर हमला कर दिया.
इससे पहले शुक्रवार को अमारा शहर में पुलिस और शिया विद्रोहियों के बीच हुए संघर्ष में कम से कम 30 लोगों की मौत हो गई थी.
हिंसा पर चिंता
उधर अमरीका के राष्ट्रपति जॉर्ज बुश ने कहा है कि इराक़ में हिंसा की ताज़ा स्थिति को देखते हुए अमरीकी सेना अपनी रणनीति को लगातार व्यवस्थित कर रही है.
हालांकि उन्होंने दोहराया कि विद्रोही अमरीका को उसके मकसद में कामयाब होने से रोकना चाहते हैं और विभाजित करना चाहते हैं पर अमरीका अपने क़दम पीछे हटाने वाला नहीं है.
अपने साप्ताहिक रेडियो संदेश में राष्ट्रपति बुश ने स्वीकार किया कि रमज़ान का पवित्र महीना अमरीकी और इराक़ी सेना के लिए काफ़ी मुश्किल भरा रहा है.