शुक्रवार, 20 अक्तूबर, 2006 को 21:41 GMT तक के समाचार
अमरीका के वर्ल्ड ट्रेड सेंटर पर हुए चरमपंथी हमले को पाँच वर्ष से भी ज़्यादा समय बीत चुका है पर इस इमारत की जगह से मृतकों के अवशेष अबतक मिल रहे हैं और इससे इस हमले में मारे गए लोगों के परिजन ख़ासे नाराज़ हैं.
जानकारी के मुताबिक इस जगह से मृतकों के शरीर के कुछ अवशेष मिले हैं जिनमें से कुछ का आकार हाथ-पैरों की हड्डियों के बराबर है.
इन अवशेषों के मिलने के बाद मृतकों के परिजनों में काफ़ी नाराज़गी है और उन्होंने कहा है कि ग्राउंड ज़ीरो की व्यवस्थित ढंग से सफ़ाई की जानी चाहिए क्योंकि हो सकता है कि अभी और भी अवशेष वहाँ पर हों.
इस बार मिले अवशेष पिछली बार मिले अवशेषों से बड़े हैं.
ये अवशेष कुछ कर्मचारियों को मिले जो इस जगह के एक हिस्से की सफ़ाई का काम कर रहे थे.
न्यूयॉर्क के अधिकारी इन अवशेषों का डीएनए परीक्षण करवाकर इस बात को जानने की कोशिश करेंगे कि ये अवशेष किन लोगों के हैं.
नौ सितंबर, 2001 को हुए चरमपंथी हमले में इतनी क्षति हुई थी कि मारे गए लोगों में से लगभग 40 प्रतिशत लोगों यानी लगभग 1100 लोगों के शरीर उनके परिजनों को नहीं मिल सके थे.
ग़ौरतलब है कि लगभग 40 दिन पहले ही इस हमले की पाँचवीं बरसी हुई थी.