शुक्रवार, 20 अक्तूबर, 2006 को 02:57 GMT तक के समाचार
अमरीकी सेना ने स्वीकार किया है कि इराक़ की राजधानी बग़दाद में दो महीने से चल रहा सुरक्षा अभियान विफल रहा है.
पिछले दो महीने से अमरीकी सेना बग़दाद में हिंसा पर काबू पाने की कोशिश कर रही है.
'ऑपरेशन टुगेदर फॉर्वर्ड' के नाम से चलाए जा रहे इस अभियान के तहत इराक़ के दूसरे हिस्सों में तैनात अमरीकी सैनिकों को भी बग़दाद बुलाया गया था.
अमरीकी सेना के मुख्य प्रवक्ता जनरल विलियम कॉल्डवेल ने कहा है कि हिंसा में कमी आने के बजाए पिछले तीन हफ़्तों के दौरान हमलों में 20 फ़ीसदी से ज़्यादा बढ़ोत्तरी हुई है.
यह आँकड़ा मुसलमानों के पवित्र त्योहार रमज़ान शुरू होने के बाद का है.
पुनर्विचार
जनरल कॉल्डवेल का कहना है कि बदले हालात में सुरक्षा तैयारियों की समीक्षा की जा रही है और इसमें इराक़ी सरकार का सहयोग लिया जा रहा है.
इस बीच पिछले 24 घंटों के दौरान इराक़ के अलग-अलग हिस्सों में हुई हिंसा में 50 से अधिक लोग मारे गए हैं.
बग़दाद में मौजूद बीबीसी संवाददाता का कहना है कि जिन इलाक़ों में अमरीकी सेना की फिर से तैनाती की गई है, वहाँ हमले और तेज़ हुए हैं.
ग़ौरतलब है कि अमरीकी संसद के नवंबर में संभावित चुनावों से ठीक पहले ये हिंसा बढ़ी है.
अमरीका में रिपब्लिकन पार्टी के नेता वेन गिलक्रिस्ट का कहना है कि चुनाव के दौरान इराक़ एक मुख्य मुद्दा रहेगा.