http://www.bbcchindi.com

शुक्रवार, 20 अक्तूबर, 2006 को 19:58 GMT तक के समाचार

अमरीका की रणनीति में बदलाव संभव

इराक़ मे जारी हिंसा से निपटने के लिए अमरीकी सेना कुछ रणनीतिक बदलाव कर सकती है. इस पर राष्ट्रपति बुश इराक़ में तैनान जनरलों से बात करने वाले हैं.

इस बीच इराक़ी शहर अमारा में शिया विद्रोहियों और पुलिस के बीच हुए संघर्ष में कम से कम 30 लोगों के मारे जाने की ख़बर है.

यह जानकारी स्वास्थ्य सेवाओं की ओर से दी गई हैं. बताया जा रहा है कि इस संघर्ष में 100 से ज़्यादा लोग घायल हो गए हैं.

शिया विद्रोहियों ने स्थानीय पुलिस की तीन चौकियों पर हमला किया था. संघर्ष के बाद इराक़ की सरकार की ओर से सैनिकों का एक दस्ता पुलिस-प्रशासन की स्थिति को मज़बूत करने के लिए रवाना कर दिया गया है.

सरकार की ओर से एक उच्च स्तरीय प्रतिनिधिमंडल भी इस घटना के कारणों का पता लगाने के लिए अमारा पहुँच गया है.

स्थानीय लोगों का कहना है कि संघर्ष मुक़्तदा अल सद्र समर्थक एक शिया कमांडर के भाई को गिरफ़्तार किए जाने के बाद शुरू हुआ.

बताया जा रहा है कि यह संघर्ष मुक़्तदा अल सद्र के समर्थकों और स्थानीय पुलिसकर्मियों के बीच हुआ है.

उधर मुक़्तदा अल सद्र ने भी इस घटना के बाद लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है और अपने एक प्रतिनिधिमंडल को अमारा भेज दिया है.

बीबीसी संवाददाता के मुताबिक हिंसा की ऐसी घटनाएँ इराक़ी सरकार के लिए एक बड़ी चुनौती के रूप में सामने आ रही हैं.

रणनीति परिवर्तन

दूसरी तरफ अमरीकी राष्ट्रपति जॉर्ज बुश ने कहा है कि वो अपने वरिष्ठ अधिकारियों से इस बारे में सलाह लेंगे कि क्या इराक़ में रणनीति के स्तर पर कुछ तब्दीलियाँ करने की ज़रूरत है.

उन्होंने कहा कि इसका मतलब यह नहीं है कि वो अपने अभियान को रोकने जा रहे हैं पर हिंसक दुश्मनों से निपटने के लिए वर्तमान रणनीति में कुछ परिवर्तन करने जैसे विकल्पों पर विचार किया जा सकता है.

ग़ौरतलब है कि अमरीकी सेना के लिए पिछले दो वर्षों में अक्टूबर का यह महीना सबसे महंगा साबित हुआ है और इस एक महीने के दौरान ही कम से कम 70 अमरीकी सैनिकों के मारे जाने की ख़बरें हैं.

जानकारों के मुताबिक दो तिहाई अमरीकियों का मानना है कि इराक़ में राष्ट्रपति बुश की नीतियाँ विफल रही हैं.

उनके बारे में इस तरह की राय का असर अगले महीने अमरीका में कांग्रेस के चुनावों पर भी पड़ सकता है और उनकी पार्टी को इसका ख़ामियाजा उठाना पड़ सकता है.