मंगलवार, 17 अक्तूबर, 2006 को 03:36 GMT तक के समाचार
अमरीकी विदेश मंत्री कोंडोलीज़ा राइस ने कहा है कि यदि उत्तर कोरिया और परमाणु परीक्षण करता है तो इसे भड़काने वाली कार्रवाई माना जाएगा जिससे उत्तर कोरिया दुनिया में और अलग-थलग हो जाएगा.
हाल में उत्तर कोरिया के परमाणु परीक्षण के बाद संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद ने सर्वसम्मति से उस पर प्रतिबंध लगाने वाले प्रस्ताव को पारित किया है.
उधर अमरीका ने पुष्टि की है एक हफ़्ता पहले उत्तर कोरिया ने परमाणु परीक्षण किया था.
अमरीका का कहना है कि वायुमंडल से लिए गए नमूनों में रेडियोधर्मी मलबा मिला है जिससे पता चलता है कि ये परीक्षण एक किलोटन से कम तीव्रता का था.
जापान, दक्षिण कोरिया का शक
अमरीकी विदेश मंत्री कोंडोलीज़ा राइस जापान, दक्षिण कोरिया और चीन की यात्रा पर जा रही हैं.
उनके दौरे का मकसद इन देशों के साथ संयुक्त राष्ट्र के लगाए प्रतिबंधों को लागू करने पर चर्चा करना है.
कोंडोलीज़ा राइस का कहना है कि ये ज़रूरी है कि क्षेत्रिया ताकतें उत्तर कोरिया को अलग-थलग करें
उधर जापान के विदेश मंत्री तारो असो का कहना है कि उनकी सरकार को ख़ुफ़िया जानकारी मिली है कि हो सकता है कि उत्तर कोरिया दूसरा परमाणु परीक्षण करने की तैयारी कर रहा हो.
दूसरी ओर दक्षिण कोरिया ने भी इसकी पुष्टि की है कि उसे ऐसी ही गुप्त जानकारी मिली है.
इससे पहले अमरीकी मीडिया में रिपोर्टें छपी थीं कि अमरीकी जासूसी उपग्रहों को ऐसे संकेत मिले हैं कि हो सकता है कि एक और परीक्षण की तैयारी शुरु हो गई हो.