सोमवार, 16 अक्तूबर, 2006 को 15:37 GMT तक के समाचार
वेटिकन से मिली जानकारी के अनुसार पोप बेनेडिक्ट अगले महीने तुर्की की यात्रा करेंगे. यह किसी मुस्लिम बहुल देश में उनकी पहली यात्रा होगी.
28 नवंबर को शुरू होने वाली इस यात्रा के दौरान पोप अंकारा, इज़मिर, इस्तांबूल और प्राचीन शहर एफ़ेसस की यात्रा करेंगे.
ग़ौरतलब है कि हाल ही में इस्लाम के बारे में चौदहवीं शताब्दी के एक इसाई राजा के कथन को उद्धृत करने पर मुस्लिम समुदाय ने उनकी आलोचना की थी. हालाँकि बाद में उन्होंने माफ़ी माँग ली थी.
सितंबर में रोसेनबर्ग विश्वविद्यालय में दिए अपने भाषण में पोप ने इस्लाम और इसाइयत के बीच के ऐतिहासिक और दार्शनिक मतभेदों को उजागर किया था और साथ ही हिंसा और आस्था के परस्पर संबंधों पर भी विचार व्यक्त किए थे.
विरोध
पोप के इस कथित इस्लाम विरोधी वक्तव्य से मुस्लिम समाज में तीखी प्रतिक्रया हुई थी और जिसके चलते पूरी दुनिया में विरोध प्रदर्शन हुए थे.
पोप ने अपनी स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा था कि उनके बयान को ग़लत तरीके से लिया गया.
एक दिसंबर तक चलने वाली इस यात्रा में पोप तुर्की सरकार के अतिथि हैं.
तुर्की की राजधानी अंकारा से पोप अपनी सरकारी यात्रा शुरू करेंगे. उसके बाद पोप पुरातन शहर एफ़ेसस जाएँगे.