शनिवार, 14 अक्तूबर, 2006 को 18:02 GMT तक के समाचार
उत्तर कोरिया के परमाणु परीक्षण को लेकर प्रतिबंध लगाने के मामले में संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में सहमति बन गई है. अब इस पर मतदान होगा.
अमरीका चाहता है कि उत्तर कोरिया को सख़्त संदेश दिया जाए कि उसके परमाणु हथियार बनाने को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.
लेकिन रुस और चीन चाहते हैं कि उत्तर कोरिया के ख़िलाफ़ उठाए जाने वाले क़दम बहुत सख़्त न हों.
उनका कहना है कि ज़्यादा सख़्ती से मामला और बिगड़ जाएगा और ये दोनों ही देश चाहते हैं कि उत्तर कोरिया को परमाणु कार्यक्रम के मसले पर फिर से बहुपक्षीय बातचीत के लिए लौटना चाहिए.
उल्लेखनीय है कि पिछले सोमवार को उत्तर कोरिया ने दावा किया था कि उसने परमाणु परीक्षण किया है.
इसके बाद से अमरीका चाहता है कि उत्तर कोरिया के ख़िलाफ़ सुरक्षा परिषद में प्रतिबंध का प्रस्ताव पारित किया जाए.
अमरीका ने प्रस्ताव का जो मसौदा तैयार किया था उस पर आपत्ति के बाद उसे कई बार बदला गया.
रुस के रक्षा मंत्री ने कहा कि यह महत्वपूर्ण है कि इस प्रस्ताव में ऐसा कोई संकेत नहीं मिलता कि उत्तर कोरिया के ख़िलाफ़ सैन्य कार्रवाई की जा सकती है.