http://www.bbcchindi.com

शनिवार, 14 अक्तूबर, 2006 को 10:37 GMT तक के समाचार

गज़ा पर इसराइली हमले में छह की मौत

इसराइली युद्धक विमानों ने शनिवार को उत्तरी ग़ज़ा के इलाक़े में हवाई हमले किए हैं जिसमें छह फ़लस्तीनी मारे गए हैं.

यह हमले ऐसे समय मे हुए हैं जब इसराइली टैंक ग़ज़ा पट्टी इलाक़े में जबालिया शरणार्थी शिविर में घुस गए जहाँ उनकी लड़ाई चरमपंथियों से हुई है.

कहा जाता है कि जिन फ़लस्तीनी चरमपंथियों ने इसराइली सैनिकों के साथ लड़ाई की है वे हमास के हैं.

इसस पहले इसराइली सेना ने टैंकों की मदद से गज़ा के एक इलाक़े पर नियंत्रण कर लिया.

सेना का कहना है कि इस इलाक़े से इसराइली सीमा में रॉकेट दागे जा रहे थे.

इसराइली टैंकों के गज़ा के अंदर घुसने पर फ़लस्तीनियों ने इसका विरोध किया. ख़बरों के मुताबिक हमास चरमपंथियों और इसराइली सेना के बीच झड़प भी हुई.

फ़लस्तीनी सुरक्षा सेवाओं ने कहा है कि चार चरमपंथयों की मौत उस समय हुई जब एक इसराइली टैंक का गोला एक मकान पर जाकर गिरा.

पिछले कुछ हफ़्तों से इसराइल ने गज़ा पट्टी पर दबाव बढ़ा दिया है और वहां सेना की गश्त तेज़ कर दी गई है.

पिछले दो दिनों के दौरान दोनों ओर से हुई गोलीबारी में 19 फ़लस्तीनी मारे जा चुके हैं.

शांति वार्ता

इसराइल हमास के नेतृत्व वाली फ़लस्तीनी प्रशासन के साथ बात करने को तैयार नहीं है. इसका कारण यह है कि हमास इसराइल के अस्तित्व को नकारता रहा है.

दूसरी ओर फ़लस्तीनी प्रशासन के प्रमुख महमूद अब्बास उदारवादी फ़तह पार्टी के हैं और दोनों दलों के बीच राष्ट्रीय एकता की सरकार बनाने की कवायद चल रही है.

हाल ही में मध्य-पूर्व के दौरे पर गईं अमरीकी विदेश मंत्री कोंडोलीज़ा राइस शांति प्रयासों को तेज़ करने पर बल दिया था.