बुधवार, 11 अक्तूबर, 2006 को 19:39 GMT तक के समाचार
अमरीका के न्यूयॉर्क शहर की एक बहुमंजिला इमारत की 20 वीं मंजिल से एक छोटा विमान टकराया जिससे इमारत में आग लग गई.
पुलिस का कहना है कि इसमें दो लोगों की मौत हो गई जिसमें एक बेसबाल खिलाड़ी कॉरी लिडले और दूसरा उनका प्रशिक्षक पायलट शामिल है.
यह विमान अमरीका के बेसबाल खिलाड़ी कॉरी लिडले का था.
न्यूयॉर्क के मेयर माइकल ब्लूमबर्ग का कहना था,'' चरमपंथी कार्रवाई के कोई संकेत नहीं हैं और लगता है कि यह एक दुखद दुर्घटना थी.''
लेकिन इस घटना के कारणों का अब तक कुछ पता नहीं चला है.
हादसे के तुरंत बाद राष्ट्रपति जॉर्ज बुश को सूचना दी गई और सुरक्षा की दृष्टि से लड़ाकू विमान अमरीकी शहरों के ऊपर चक्कर लगाने लगे.
राहत और बचाव
राहत और बचावकर्मियों ने आसपास के इलाक़े के घेराबंदी कर दी. फ़ायरकर्मी तत्काल घटनास्थल पर पहुँच गए और उन्होंने कई मंज़िलों में फैली आग बुझाई. ये 50 मंज़िला इमारत है.
प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि विमान के टकराने के साथ बड़े जोर की आवाज़ हुई और इमारत से मलबा गिरते हुए नज़र आया.
न्यूयॉर्क के अग्निशमन विभाग के प्रवक्ता ने बताया कि विमान ईस्ट 72 स्ट्रीट पर स्थित आवासीय इमारत की 20 वीं मंज़िल से टकराया था.
बीबीसी संवाददाता का कहना है कि विमान के टकराने के बाद सड़कों पर अफ़रातफ़री मच गई और पुलिस की कारों, फायर ब्रिगेड की गाड़ियों और एम्बुलेंस से सड़कें भर गईं.
संवाददाता का कहना है कि न्यूयॉर्क शहर से उठते काले धुएँ ने पाँच साल पहले 11 सितंबर को हुए हमलों की याद ताज़ा कर दी.