http://www.bbcchindi.com

बुधवार, 11 अक्तूबर, 2006 को 00:21 GMT तक के समाचार

अमरीकी सैनिक अड्डे में कई धमाके

सेना का कहना है कि इराक़ की राजधानी बग़दाद में एक अमरीकी सैनिक अड्डे में असले के डीपो में आग लगने के बाद कई धमाके हुए हैं.

सेना का यह आधार शिविर फॉरवर्ड ऑपरेटिंग बेस फॉल्कन कहलाता है.

फ़िलहाल हताहतों के बारे में कोई जानकारी नहीं मिली लेकिन अमरीकी सेना का कहना है कि धमाकों के कुछ देर बाद आग पर काबू पा लिया गया.

अमरीकी सेना का कहना है कि अधिक गरमी के कारण गोला बारूद में धमाका हो गया.

हालांकि सेना ने ये भी कहा है कि उन्हें इस बात की जानकारी नहीं कि शुरुआती आग कैसे लगी. इन धमाकों की आवाज़ मीलों दूर तक सुनाई दी.

बीबीसी के एंड्रयू नॉर्थ का कहना है कि धमाके इराक़ के समयानुसार रात ग्यारह बजे हुए और लगता है कि जैसे-जैसे आग फैलती गई, ये तेज़ होते गए.

बीबीसी संवाददाता का कहना है कि सेना का यह बड़ा आधार शिविर है और यहाँ बड़ी संख्या में सैनिक रहते हैं. धमाकों और इस बात के मद्देनज़र लगता है कि इसमें कुछ लोग हताहत हो सकते हैं.

इराक़ी गृह मंत्रालय का कहना है कि इन धमाकों ने घटनास्थल के नज़दीक स्थित दक्षिणी ज़िले दौरा को भी हिला कर रख दिया.