http://www.bbcchindi.com

मंगलवार, 10 अक्तूबर, 2006 को 12:31 GMT तक के समाचार

बग़दाद में 24 घंटों में 60 शव मिले

इराक़ में पुलिस का कहना है कि राजधानी बग़दाद में जगह-जगह बिखरे हुए साठ शव मिले हैं.

नगर के दक्षिणी ज़िले में एक सुन्नी मस्जिद के पास एक कार बम भी फटा है जिससे दस लोगों की मौत हुई है.

इस घटना से एक दिन पहले ही बग़दाद के एक बाज़ार में हुए कार बम विस्फोट में दस लोग मारे गए थे.

इराक़ के बहुसंख्यक शियाओं और अल्पसंख्य सुन्नियों के बीच हिंसा की घटनाओं में लगातार बढ़ौतरी हो रही है.

रक्षा और गृह मंत्रालयों के सूत्रों का कहना है कि यह 60 शव पिछले चौबीस घंटों में शहर के अलग-अलग हिस्सों में मिले हैं.

उनमें से कई की क़रीब से सिर में गोली मार कर जान ली गई है.

पुलिसक का कहना है कि मंगलवार को दौरा ज़िले में स्थित मस्जिद के पास जो बम फटा था वह एक कार के नीचे रखा गया था और उसमें दस राहगीरों की जानें गई थीं.

इस घटना में चार लोग घायल भी हुए थे.