http://www.bbcchindi.com

रविवार, 08 अक्तूबर, 2006 को 05:00 GMT तक के समाचार

चीन में कम्युनिस्ट पार्टी की अहम बैठक

नई अर्थव्यवस्था में ग़रीबों और अमीरों के बीच बढ़ती खाई और तनाव को कम करने के लिए चीन की सत्ताधारी कम्युनिस्ट पार्टी के शीर्ष नेताओं की एक बैठक हो रही है.

इसे चीन की अहम नीति निर्धारक बैठक माना जा रहा है.

बीबीसी संवाददाता का कहना है कि इस बैठक पर बहुत से लोग इसलिए भी नज़र लगाए हुए हैं कि इस बैठक के नतीजों से ही तय होगा कि राष्ट्रपति हू जिंताओ अपनी ताक़त किस तरह बरकरार रख पाते हैं.

संतुलित विकास

कम्युनिस्ट पार्टी की केंद्रीय कमेटी की बंद कमरे में रविवार से हो रही बैठक चार दिनों तक चलेगी.

इस बैठक में पिछले सालों में हुए नाटकीय आर्थिक और औद्योगिक विकास के असर पर चर्चा होगी.

इसमें मुख्य यह होगा कि चीन के शहरी इलाक़ों के तेज़ी के हो रहे विकास और अब भी ग़रीबी झेल रहे ग्रामीण इलाक़ों के बीच की खाई को किस तरह दूर किया जाए.

पिछले सालों में शिक्षा और चिकित्सा महंगी हुई है, मकान मंहगे हुए हैं और ज़मीनों के दाम आसमान छू रहे हैं.

प्रदूषण की बढ़ती समस्या के चलते पिछले दिनों कई विरोध प्रदर्शन भी हुए हैं.

इसके मद्देनज़र यह उच्च स्तरीय समिति सतुलित आर्थिक विकास के लिए कोई नीति बनाने का प्रयास करेगी.

राजनीतिक समीकरण

शंघाई के पार्टी प्रमुख को जब दो सप्ताह पहले भ्रष्टाचार के आरोप में हटाया गया था तो इसे राजनीतिक भूचाल के रुप में देखा गया था.

इस भूचाल के बाद इस बैठक का महत्व और बढ़ गया है.

ऐसी कई समस्याएँ हैं जो राष्ट्रपति हू जिंताओ को विरासत में मिली हैं और संभावना है कि उन सब पर भी इस बैठक में चर्चा होगी.

लेकिन राजनीतिक विश्लेषकों की नज़र इस बात पर भी है कि राष्ट्रपति हू जिंताओ किस तरह पार्टी में अपने पूर्ववर्ती जियांग जेमिन का बचा खुचा प्रभाव ख़त्म करते हैं और अपना प्रभाव पार्टी पर किस तरह से बढ़ा पाते हैं.