शुक्रवार, 06 अक्तूबर, 2006 को 20:49 GMT तक के समाचार
संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद ने उत्तर कोरिया को चेतावनी दी है कि वह परमाणु परीक्षण करने की अपनी योजना को रद्द करे क्योंकि इससे पूर्वी एशिया और उसके बाहर भी शांति और सुरक्षा को ख़तरा पैदा हो सकते है.
सर्वसम्मति से अपनाए गए बयान में सुरक्षा परिषद ने चेतावनी दी कि यदि उत्तर कोरिया अड़ियल रवैया अपनाता है तो उसके ख़िलाफ़ आगे कार्रवाई हो सकती है.
लेकिन ये स्पष्ट नहीं किया गया है कि क्या कार्रवाई की जा सकती है.
सुरक्षा परिषद ने उत्तर कोरिया से ये भी अनुरोध किया कि वह जल्द से जल्द छह देशों की बातचीत में दोबारा भाग ले.
पिछले एक साल से छह देशों - उत्तर कोरिया, दक्षिण कोरिया, चीन, जापान, अमरीका और रूस की इस मामले पर बातचीत ठप्प पड़ी है.
उत्तर कोरिया की कम्युनिस्ट सरकार का दावा है कि उसके पास परमाणु हथियार हैं लेकिन अब तक इस दावे की पुष्टि नहीं की जा सकी है.
मंगलवार को उत्तर कोरिया ने घोषणा की थी कि उसकी भूमिगत परमाणु परीक्षण करने की योजना है क्योंकि उसे अमरीका के विरोध का सामना करना पड़ रहा है.
इसके बाद अमरीका के वरिष्ठ दूत क्रिस्टोफ़र हिल ने कहा था कि उत्तर कोरिया या तो भविष्य चुन ले या फिर परमाणु हथियार.