http://www.bbcchindi.com

शुक्रवार, 06 अक्तूबर, 2006 को 20:07 GMT तक के समाचार

हमास की सरकार के समर्थन में रैली

हमास के नेतृत्व वाली फ़लस्तीनी सरकार के समर्थन में हज़ारों लोगों ने ग़ज़ा में एक रैली में भाग लिया है. रैली में फ़लस्तीनी प्रधानमंत्री इस्माइल
ने ज़ोर देकर फिर कहा है कि हमास इसराइल को मान्यता नहीं देगा.

ये रैली फ़लस्तीनी नेता महमूद अब्बास की सरकार भंग करने की चेतावनी के बाद आयोजित की गई थी.

रैली के दौरान प्रधानमंत्री हानिया कुछ देर के लिए बेहोश हो गए. रिपोर्टों के अनुसार रमज़ान के माह में इस्माइल हानिया ने रोज़ा रखा हुआ था.

लेकिन कुछ देर की कमज़ोरी के बाद वे दोबारा उठ खड़े हुए और बोले, "हमारे शरीर थक सकते हैं लेकिन हमारी आत्मा कभी नहीं थकेगी."

महमूद अब्बास की फ़तह पार्टी और इस्माइल हानिया की हमास सत्ता के संघर्ष में आमने सामने हैं. पिछले हफ़्ते दोनो पार्टियों के समर्थकों के बीच हुई झड़पों में 15 लोग मारे गए थे.

हाल में फ़लस्तीन में एकता की सरकार बनाने की कोशिशें विफल हो गई थीं.

पर्यवेक्षकों का मानना था कि यदि दोनो पार्टियों की भागीदारी से सरकार बनती तो पश्चिमी देशों के फ़लस्तीन पर लगाए आर्थिक प्रतिबंध उठ सकते थे.

ये आर्थिक प्रतिबंध हमास के इसराइल को मान्यता न देने, पिछली सरकारों के समय में हुए समझौतों को न मानने और हिंसा न त्यागने के कारण लगाए गए हैं.