गुरुवार, 05 अक्तूबर, 2006 को 09:40 GMT तक के समाचार
इराक़ से मिली ख़बरों में कहा गया है कि अल क़ायदा के दिवंगत नेता अबू मुसाब अल ज़रक़ावी से कमान संभालने वाले चरमपंथी नेता एक हमले में मारे गए हैं.
अबू हमज़ा अल अल मुहाजिर उर्फ़ अय्यूब अल मसरी को अमरीकी सेनाओं ने इराक़ में अबू मुसाब अल ज़रक़ावी का उत्तराधिकारी बताया था.
ग़ौरतलब है कि ज़रक़ावी जून 2006 में एक अमरीकी हमले में मारे गए थे.
अरबिया टेलीविज़न के बग़दाद संवाददाता के हवाले से ख़बरें आई थीं कि हदीसा में एक अमरीकी हमले में अल मसरी मारे गए हैं. अरबिया टेलीविज़न के संवाददाता ने इराक़ी सरकार के एक सूत्र के हवाले से यह ख़बर दी थी.
हालाँकि इराक़ में अमरीकी सेनाओं के एक कमांडर ने इन ख़बरों का खंडन किया है. अमरीकी सेना ने कहा है कि उसे नहीं लगता कि मारे गए लोगों में अल मसरी भी हैं.
अमरीकी सेना के एक कमांडर लैफ़्टिनेंट कर्नल बैरी जोन्सन ने समाचार एजेंसी रॉयटर्स से कहा, "हमने एक हमला किया था और हमने सोचा कि मसरी बी मारे गए लोगों में हो सकते हैं. हम डीएनए परीक्षण कर रहे हैं लेकिन हमें नहीं लगता कि गठबंधन सेनाओं ने मसरी को मार दिया है."
रविवार को एक इराक़ी अधिकारी ने मसरी की वीडियो तस्वीरें देखने के बाद कहा था कि मसरी के दिन अब गिनती के ही बचे हैं.