मंगलवार, 03 अक्तूबर, 2006 को 04:26 GMT तक के समाचार
इराक़ में जारी जातीय हिंसा पर काबू पाने के लिए प्रधानमंत्री नूरी अल मलिकी ने चारसूत्री योजना की घोषणा की है.
मलिकी ने सुन्नी और शिया समुदायों के आला राजनेताओं से आपात बातचीत के बाद नए उपायों की घोषणा की.
इस योजना पर दोनों समुदायों के नेताओं ने सहमति जताई है.
ग़ौरतलब है कि पिछले कुछ महीनों में इराक़ में इन दोनों समुदायों के बीच हिंसा बढ़ी है और यह थमने का नाम नहीं ले रहा है.
उम्मीद
मलिकी ने उम्मीद जताई कि नई योजना से आपस में बँटे हुए पक्षों को एकजुट रखने में मदद मिलेगी.
चारसूत्री योजना के तहत हर इलाक़े में साझा सुरक्षा समितियाँ गठित करने का प्रस्ताव है. इसमें सभी राजनैतिक और धार्मिक गुटों की भागीदारी होगी.
मलिकी की इस घोषणा के ठीक पहले राजधानी बग़दाद से दो अलग अलग घटनाओं में 40 लोगों का अपहरण कर लिया गया.
पुलिस का कहना है कि उन्होंने 50 शव भी बरामद किए हैं. इनके शरीर पर गोलियों के निशान पाए गए.