रविवार, 01 अक्तूबर, 2006 को 04:15 GMT तक के समाचार
अमरीका और यूरोपीय संघ ने विमान यात्रियों की सूचनाओं का आदान-प्रदान करने के मसले पर बातचीत जारी रखने का फ़ैसला किया है.
दोनों पक्षों के बीच इस मसले पर वार्ता में आए गतिरोध के बाद यह घोषणा की गई.
यूरोपीय संघ की सर्वोच्च अदालत ने विमान यात्रियों से संबंधित गोपनीय जानकारी अमरीका को दिए जाने पर चिंता जाहिर की थी जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच इस मसले पर बातचीत शुरु हुई.
समयसीमा
इससे पहले तय समयसीमा के भीतर कोई समझौता नहीं पाने के बाद यूरोपीय संघ के अधिकारियों ने कहा था बातचीत टूट गई है लेकिन बाद में दोनों पक्ष बातचीत जारी रखने पर सहमत हो गए.
अमरीका की आंतरिक सुरक्षा मामलों के मंत्री माइकल शेरटॉफ़ ने कहा कि उन्हें किसी समझौते पर पहुँचने का भरोसा है.
अधिकारियों का कहना है कि बातचीत में आए गतिरोध का अमरीका और यूरोपीय देशों के बीच विमान सेवा पर कोई असर नहीं पड़ेगा.
9/11 की घटना के बाद से ही अमरीकी अधिकारी यह माँग करते रहे हैं कि यूरोपीय देशों से आने वाले विमान यात्रियों से संबंधित सूचनाएँ उन्हें मुहैया कराई जाए.