http://www.bbcchindi.com

शनिवार, 30 सितंबर, 2006 को 23:15 GMT तक के समाचार

इसराइली सेनाएँ हट रही हैं लेबनान से

इसराइल ने रविवार को लेबनान से अपने बचे हुए सैनिकों को भी हटाना शुरु कर दिया है. इसके बाद वहाँ संयुक्त राष्ट्र की शांति सेना कमान संभालेगी.

इसराइसी सेना के हटने के बाद वहाँ लेबनानी सेना और संयुक्त राष्ट्र की शांति सेना कमान संभालेंगी.

हिज़्बुल्ला के साथ हुए युद्ध विराम संधि के छह हफ़्ते बाद इसराइल अपनी सेनाएँ हटा रहा है.

संयुक्त राष्ट्र की मध्यस्थता में हुए इस शांति समझौते की प्रमुख शर्तों में से एक यह भी थी इसराइल लेबनान से अपनी सारी सेनाएँ हटा लेगा.

इसराइल ने कहा है कि उसकी सेनाएँ लेबनान से हटकर सीमा पर आ जाएँगी.

उल्लेखनीय है कि हिज्बुल्ला ने दो इसराइली सैनिकों को अगुआ कर लिया था इसके बाद इसराइल ने लेबनान पर हमला शुरु कर दिया था.

इसके जवाब में हिज़्बुल्ला ने भी इसराइल पर हमले शुरु कर दिए थे.

पाँच हफ्तों तक चली कार्रवाई में दक्षिण लेबनान का बड़ा हिस्सा तबाह हो गया जबकि हिज़्बुल्ला के रॉकेट हमलों से इसराइल को भी भारी नुक़सान का सामना करना पड़ा था.

जब संयुक्त राष्ट्र की पहल पर संघर्ष विराम हुआ.

इसके काफ़ी समय बाद तक इसराइल ने लेबनान के विमान तल और समुद्री मार्ग की घेरेबंदी कर रखी थी.

संयुक्त राष्ट्र की अपीलों के बाद इसराइली सेना ने घेरेबंदी ख़त्म की थी.