सोमवार, 25 सितंबर, 2006 को 04:38 GMT तक के समाचार
इस्लाम पर अपनी टिप्पणी से उपजे विवाद के बाद पोप बेनेडिक्ट सोमवार को विभिन्न देशों के मुस्लिम नेताओं से मुलाक़ात कर रहे हैं.
इस दौरान रोमन कैथोलिक चर्च और इस्लाम के बीच बेहतर संवाद कायम करने के उपायों पर चर्चा होगी.
यह बैठक रोम के निकट पोप के गृष्मकालीन आवास पर हो रही है. इसका मकसद दोनों धर्मों के बीच बेहतर समझ बनाने और सदभाव बनाए रखने का है.
ग़ौरतलब है कि पिछले दिनों पोप ने जर्मनी में दिए एक भाषण में मध्यकाल के सम्राट मैनुअल द्वितीय के उन शब्दों का ज़िक्र किया था जिनमें उन्होंने पैगंबर मोहम्मद के कुछ संदेशों को "दुष्टता और अमानवीयता" कहकर आलोचना की थी.
पोप के उस भाषण के बाद मुसलमानों में तीखी प्रतिक्रिया हुई थी और कई दिन तक विरोध प्रदर्शन हुए थे.
इसके बाद उन्होंने मुस्लिम समुदाय से माफ़ी माँगते हुए कहा था कि भाषण का विवादित अंश उनकी निजी राय कतई नहीं थी.
रोम स्थित बीबीसी संवाददाता के मुताबिक पोप इस अभूतपूर्व राजनियक कोशिश के ज़रिए मुस्लिम समुदाय को यह विश्वास दिलाना चाहते हैं कि वो दोनों धर्मों के बीच रिश्ते सुधारने के प्रति संजीदा हैं.