http://www.bbcchindi.com

शुक्रवार, 22 सितंबर, 2006 को 09:17 GMT तक के समाचार

'अरब-इसराइल मसले में लंबी नाकामी'

फ़लस्तीनी नेता महमूद अब्बास ने कहा है कि नई फ़लस्तीनी सरकार इसराइल को मान्यता दे देगी.

महमूद अब्बास ने संयुक्त राष्ट्र महासभा में कहा कि प्रस्तावित फ़लस्तीनी राष्ट्रीय एकता की सरकार मध्यस्थ देशों की माँग को मान लेगी.
संयुक्त राष्ट्र महासचिव कोफ़ी अन्नान ने कहा है कि अरब-इसराइल मसले को सुलझाने में लगातार विफल होने से 'सुरक्षा परिषद की वैधता और प्रभाव' पर सवाल खड़े हो गए हैं.

अन्नान मध्य-पूर्व को लेकर हो रही सुरक्षा परिषद की विशेष मंत्री स्तर की बैठक की शुरुआत कर रहे थे.

अरब लीग के अनुरोध पर सुरक्षा परिषद की यह विशेष बैठक बुलाई गई है. इस बैठक में इस बात पर चर्चा होनी है कि फ़लस्तीनी प्रशासन और इसराइल के बीच चर्चा एक बार फिर किस तरह शुरु हो सकती है.

बहरीन के विदेश मंत्री शेख़-ख़ालिद बिन-अहमद बिन-मोहम्मद अल-ख़लीफ़ा ने कहा कि अरब लीग का मानना है कि इस समय शांति-स्थापना की संभावनाएँ हैं और इस अवसर को हाथ से नहीं जाने देना चाहिए.

अरब लीग ने अनुरोध किया है कि सुरक्षा परिषद की बैठक के बाद कोफ़ी अन्नान यह बताएँ कि बातचीत फिर से किस तरह शुरु की जा सकती है.

कोफ़ी अन्नान ने इस बैठक की शुरुआत करते हुए कहा कि मध्य-पूर्व में बातचीत के रास्ते में सुधार की ज़रुरत है, हालांकि मंज़िल अभी बहुत दूर है.

उन्होंने कहा कि इसराइली कब्ज़े का हटना 1967 से शुरु हुआ था और एक स्वतंत्र फ़लस्तीनी राष्ट्र का निर्माण, सुरक्षित इसराइल और शांति के साथ दो पड़ोसियों का रहना, एक दूरस्थ लक्ष्य और कल्पनातीत दिखाई देता है.