रविवार, 17 सितंबर, 2006 को 03:44 GMT तक के समाचार
क्यूबा में गुटनिरपेक्ष देशों के सम्मेलन में ईरान को अपने परमाणु कार्यक्रम से जुड़े विवाद पर गुटनिरपेक्ष देशों का ज़ोरदार समर्थन मिला है.
गुटनिरपेक्ष देशों ने एक बयान जारी कर कहा है कि सभी देशों को शांतिपूर्ण मकसदों के लिए परमाणु ऊर्जा विकसित करने का अधिकार है.
क्यूबा की राजधानी हवाना में गुटनिर्पेक्ष देशों का सम्मेलन इसराइल के लेबनान पर किए गए हमले की निंदा और ईरान को उसके परमाणु कार्यक्रम पर समर्थन के साथ समाप्त हो गया है.
'हर देश का अधिकार'
गुटनिरपेक्ष आंदोलन के 118 देशों के नेताओं ने एक बयान में कहा, "सभी देशों का मूल अधिकार है कि वे परमाणु ऊर्जा के शांतिपूर्ण इस्तेमाल के लिए शोध और उत्पादन कर सकें और ये अधिकार उनसे छीना नहीं जा सकता."
इन देशों ने शांतिपूर्ण मकसदों के लिए बनाए परमाणु केंदों पर किसी तरह के हमले के ख़िलाफ़ चेतावनी भी जारी की है.
लेकिन ईरान से भी गुटनिरपेक्ष देशों ने अनुरोध किया है कि वह संयुक्त राष्ट्र परमाणु ऊर्जा एजेंसी के साथ सहयोग करे.
अमरीकी एक अभियान चलाता आया है कि ईरान को परमाणु संवर्द्धन करने से रोका जाए क्योंकि परमाणु ईंधन का इस्तेमाल परमाणु हथियारों के लिए किया जा सकता है.
उधर ईरान लगातार कहता आया है कि उसका परमाणु कार्यक्रम केवल शांतिपूर्ण मकसदों के लिए है.
गुटनिरपेक्ष सम्मेलन के दौरान ईरान के राष्ट्रपति महमूद अहमदीनेजाद ने कहा, "दुनिया अमरीका की परमाणु धमकी क्यों सहे?"