रविवार, 17 सितंबर, 2006 को 19:03 GMT तक के समाचार
दो मुख्य फ़लस्तीनी राजनैतिक धड़ों हमास और फतह के बीच राष्ट्रीय एकता की सरकार गठित करने पर जारी बातचीत रुक गई है.
दोनों पक्षों का कहना है कि इस मसले पर दोबारा बातचीत राष्ट्रपति महमूद अब्बास के इस हफ़्ते न्यूयॉर्क से लौटने के बाद ही हो पाएगी.
हालाँकि फतह पार्टी के राष्ट्रपति अब्बास के सहयोगियों ने हमास पर आरोप लगाया है कि वो राष्ट्रीय सरकार के मुद्दे पर हुई सहमति से पीछे हट रही है.
फतह का कहना है कि समझौते के तहत इसराइल और फ़लस्तीन प्रशासन के बीच पहले हुए शांति समझौतों को सम्मान देने पर सहमति बनी थी लेकिन हमास अब इससे पीछे हट रहा है.
प्रयास
शनिवार को हमास के नेता और फ़लस्तीनी प्रधानमंत्री इस्माइल हनिया ने कहा था कि वह पूर्व के समझौतों को स्वीकार करते हुए बात करेंगे लेकिन इसराइल को औपचारिक रुप से मान्यता नहीं देंगे.
इस बीच रविवार को सीरिया की राजधानी दमिश्क मे फतह की केंद्रीय समिति के सदस्य अहमद कुरई और 'डेमोक्रेटिक फ्रंट फॉर द लिबरेशन ऑफ पैलेस्टाइन' के महासचिव नईफ़ हावातिमा के बीच इसी मसले पर बातचीत हुई.
दोनों नेताओं ने राष्ट्रीय सरकार के गठन में आ रही बाधाओं और अरब देशों के साथ फ़लस्तीनी प्रशासन के रिश्तों पर बातचीत की.
दोनों ने फ़लस्तीन मुक्ति संगठन यानी पीएलओ को पुनर्जीवित करने और आनुपातिक प्रतिनिधित्व के आधार पर राष्ट्रयी परिषद का चुनाव कराने के उपायों पर चर्चा की.