शुक्रवार, 15 सितंबर, 2006 को 18:16 GMT तक के समाचार
गुट निरपेक्ष आंदोलन की बैठक शुक्रवार को क्यूबा में शुरू हुई लेकिन समारोह में क्यूबा के आधी सदी से शासक रहे फ़िदेल कास्त्रो नज़र नहीं आए क्योंकि वह बीमार चल रहे हैं.
कहा गया है कि राष्ट्रपति फ़िदेल कास्त्रो पेट के ऑपरेशन के बाद अब भी आराम कर रहे हैं.
उनके भाई राउल कास्त्रो समारोह में राष्ट्रपति फ़िदेल कास्त्रो की नुमाइंदगी कर रहे हैं.
गुट निरपेक्ष देशों के इस सम्मेलन में लगभग पचास राष्ट्राध्यक्ष और सौ से ज़्यादा देशों के प्रतिनिधि हिस्सा ले रहे हैं.
भारतीय प्रधानमंत्री डॉक्टर मनमोहन सिंह भी इस समारोह में भाग लेने के लिए पहुँचे हैं.
प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने कहा भी है कि पाकिस्तानी राष्ट्रपति परवेज़ मुशर्रफ़ के साथ हवाना में मुलाकात के दौरान 'सीमित समय में आतंकवाद पर नियंत्रण पाने समेत कई मुद्दों पर चर्चा हो सकती है.'
क्यूबा की राजधानी हवाना में मौजूद बीबीसी संवाददाता स्टीवन गिब्स का कहना है कि दुनिया भर के नेता जब हवाना के सम्मेलन स्थल पर पहुँचे तो हाथ मिला कर उनका स्वागत फ़िदेल कास्त्रो ने नहीं, बल्कि उनके भाई राउल ने किया.
फ़िदेल के भाई राउल देश के रक्षा मंत्री भी हैं. सैनिक वर्दी के बज़ाय उन्होंने धूसर रंग का सूट पहन रखा था.
फ़िदेल पेट के ऑपरेशन के बाद पिछले महीने भर से स्वास्थ्य-लाभ कर रहे हैं, और इस बीच राउल कार्यकारी राष्ट्राध्यक्ष की भूमिका बख़ूबी निभा रहे हैं.
और इसी हैसियत से उन्होंने गुटनिरपेक्ष दलों के शिखर सम्मेलन में उदघाटन-भाषण दिया. पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार यह भाषण उनके भाई फ़िदेल को देना था.
राउल ने अपने भाषण की शुरुआत ही फ़िदेल के स्वास्थ्य के बारे में जानकारी देते हुए की. उन्होंने कहा कि बुज़ुर्ग नेता तेज़ी से स्वास्थ्य-लाभ कर रहे हैं.
इसके बाद राउल ने मौजूदा विश्व-व्यवस्था पर जम कर हमला किया, जो कि उनके अनुसार शक्तिशाली देशों के नियंत्रण में है.
शिखर-सम्मेलन दो दिनों तक चलेगा.
माना जाता है कि इसमें सभी 118 सदस्य देशों की सहमति से एक प्रस्ताव पारित किया जाएगा. वैसे अनौपचारिक चर्चा का मुख्य मुद्दा यह है, कि क्या फ़िदेल सम्मेलन में अपनी उपस्थिति दर्ज करा पाएँगे.